'चीन पेट्रोलिंग तक नहीं करने दे रहा, पीएम जवाब दें', LAC मुद्दे पर कांग्रेस का बयान

कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीन की एक्टिविटी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने बयान जारी कर दावा किया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के ताकसिंग इलाके में LAC पर ऐतिहासिक रूप से भारत के पेट्रोलिंग पॉइंट्स तक पहुंच को बाधित किया है. पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर तत्काल देश को संबोधित करने की मांग की है.

कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि ऐसी कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जिनमें दर्ज है कि ताकसिंग में भारतीय पेट्रोलिंग पॉइंट्स में पहुंच रोकी जा रही है. ये रिपोर्ट चिंता पैदा करने वाली हैं. कांग्रेस ने इसे भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण की चीन की एक और कोशिशों बताया है. कांग्रेस के मुताबिक, लोकल लोगों और कम्युनिटी ने इसी साल जून में इस मुद्दे को अरुणाचल प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के सामने उठाया था. पार्टी ने चीन की ओर से भारतीय सीमा के पास 628 'शियाओकांग' यानी 'वेल-ऑफ विलेज' बनाए जाने का मुद्दा भी उठाया. कांग्रेस ने दावा किया कि सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने इसी साल मार्च में इसकी जानकारी दी थी.

"The Indian National Congress is deeply alarmed and gravely concerned by reports that China has denied India access to historically Indian patrolling points across the Line of Actual Control (LAC) in Taksing, Arunachal Pradesh.

The Indian National Congress demands that Prime… pic.twitter.com/56lLvHTZID

— Congress (@INCIndia) August 13, 2026

'भारत की क्षेत्रीय अखंडता की मजबूती से रक्षा करे सरकार'

कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत सरकार को देश की क्षेत्रीय अखंडता को बचाए रखना चाहिए और इसकी सिक्योरिटी तय करनी चाहिए. पार्टी ने आरोप लगाया कि ऐसा नहीं करने से चीन को एशिया में और अधिक आक्रामक रुख अपनाने का हौसला मिलेगा. कांग्रेस ने लद्दाख, हिंद महासागर क्षेत्र और पश्चिम एशिया का जिक्र करते हुए केंद्र की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए.

सम्बंधित ख़बरें

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग

कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं. पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी LAC से जुड़े इन घटनाक्रमों पर तत्काल देश को संबोधित करें. इसके अलावा केंद्र सरकार एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल गठित कर उसे जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए संबंधित क्षेत्र में भेजे. कांग्रेस ने यह भी मांग की कि प्रधानमंत्री मोदी अगले महीने भारत आने वाले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सामने इस मुद्दे को मजबूती से उठाएं.

यह भी पढ़ें- '...तो मैं RSS का सपोर्ट करूंगा, उनकी रक्षा करूंगा', जानें ऐसा क्यों बोले राहुल गांधी

पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री को राजनीतिक हितों और 'दिखावटी कूटनीति' से ऊपर भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि चीन के मुद्दे पर कमजोर रुख अपनाने के गंभीर दीर्घकालिक रणनीतिक परिणाम हो सकते हैं और इससे दुनिया में भारत की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंच सकता है. 

वहीं, इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी 'रचनात्मक कांग्रेस' के राष्ट्रीय अधिवेशन के अपने संबोधन में सरकार पर आरोप लगाया.  उन्होंने कहा कि, चीन ने अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के कुछ इलाकों में भारतीय सैनिकों को पेट्रोलिंग करने से रोक दिया है और केंद्र सरकार इस मामले को देश से छिपाने की कोशिश कर रही है. राहुल गांधी के आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. अरुणाचल में भारतीय सैनिकों को पेट्रोलिंग से रोके जाने की भी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

'रचनात्मक कांग्रेस' के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय के अंदर से जानकारियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा, "अरुणाचल प्रदेश में हमारे पेट्रोलिंग एरिया में चीन ने हमें पेट्रोलिंग करने से रोक दिया है. चीन कह रहा है कि जमीन आपकी है, लेकिन आप यहां पेट्रोलिंग नहीं कर सकते."

राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में कुछ नहीं कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मीडिया संस्थानों के संपादकों को फोन करके इस खबर को प्रकाशित नहीं करने के लिए कहा जा रहा है. राहुल ने इसे देश के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया.
 

---- समाप्त ----