LIVE: नेपाल में बहुत बड़ी वॉर्निंग, चीन ने जारी कर दी लेवल 4 वॉर्निंग

Nepal Flood LIVE: नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमनद के टूटने से चट्टानें खिसक गई और हिमस्खलन हुआ, जिसके कारण बुधवार को पानी, कीचड़ और मलबे का तेज बहाव मध्य नेपाल की ओर आया था। इसके चलते काफी तबाही हुई थी और कई गांव बह गए थे।

Nepal Flood LIVE: नेपाल में बाढ़ का खतरा अब तक टला नहीं है। खबर है कि अधिकारी भोटेकोशी नदीं में एक बार फिर बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट हैं। साथ ही इस संबंध में चेतावनी भी जारी कर दी गई है। दरअसल, हाल ही में सैटेलाइट तस्वीरें सामने आईं थीं, जिनमें नजर आ रहा था कि बाढ़ वाली जगह पर एक झील बन गई है। फिलहाल, लोगों को किनारों से दूर रहने के लिए कहा गया है। अब तक 469 लोगों की मौत हो चुकी है और 1400 लोग लापता हैं।

1:16 PM- नेपाल में भारत के पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी ने कहा, '...हमने ऐसी रिपोर्ट देखी हैं जिनसे पता चलता है कि कई भारतीय-अमेरिकी अभी लापता हैं। फिलहाल उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, इसलिए वे असल में लापता हैं। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे और स्थिति सिर्फ बातचीत में कुछ समय की रुकावट है। बचाव और खोज अभियान के सफल होने की उम्मीद के साथ-साथ, हमें समर्थन में एकजुट भी रहना चाहिए।'

1:03 PM- इस सप्ताह के शुरु में नेपाल में जो स्थान अचानक आई बाढ़ की चपेट में आया था वहां जलस्तर बढ़ने के बाद नेपाल प्रशासन ने एक बार फिर बाढ़ की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी शुक्रवार को जारी की गई। अधिकारियों ने इलाके के लोगों और बचाव कर्मियों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है।

12:33 PM- नेपाल में बाढ़ की स्थिति पर हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव्स में विपक्ष के नेता भीष्म राज आंगदेम्बे ने कहा, 'यहां के भौगोलिक हालात की वजह से मौसम ऑपरेशन के लिए अनुकूल नहीं है, फिर भी हमारी सेना और अन्य विभागों की टीमें पूरी कोशिश में जुटी हैं... ऊपरी इलाकों की स्थिति को देखते हुए हम तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं संघीय, प्रांतीय और स्थानीय सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। ऑपरेशन में सेना के दो हेलीकॉप्टर और प्राइवेट सेक्टर के हेलीकॉप्टर भी तैनात हैं। हम अपने पास मौजूद हर संसाधन का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम सभी को जानकारी दे रहे हैं और हमारी सुरक्षा एजेंसियां ​​लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह जारी कर रही हैं।'

11:57 AM- नेपाल में बाढ़ के हाल और भी भयावह हो सकते हैं। खबर है कि चीन ने लेवल 4 का अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही जिस झील को लेकर आशंका जताई जा रही थी, वो ओवरफ्लो हो गई है। अब तक करीब 500 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 1500 लापता हैं।

10:44 AM- Apple कंपनी ने कर ली नेपाल की मदद की तैयारी। सीईओ टिम कुक ने कहा है कि नेपाल और तिब्बत में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित सभी लोगों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। Apple राहत और पुनर्निर्माण के कामों में मदद के लिए दान दे रहा है।

10:28 AM- चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने गुरुवार रात तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू की और छोचेन खोला तथा पुरेपु त्संगपो नदियों के संगम के पास बनी इस 'अवरोधक झील' से पैदा हुए खतरे को लेकर आगाह किया। ये दोनों नदियां तिब्बत से निकलती हैं और नेपाल में भोटे कोशी नदी की धारा का हिस्सा हैं।

10:13 AM Nepal Flood LIVE: नेपाल में जारी राहत और बचाव कार्य के बीच अमेरिकी उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर ने नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने गुरुवार को फोन पर बातचीत की है। इस दौरान दोनों पक्षों ने राहत और बचाव कार्यों पर चर्चा की है। हुकर ने विनाशकारी बाढ़ में हुए जान-माल के नुकसान को लेकर संवेदना भी व्यक्त की। यह बातचीत नेपाल में बाढ़ राहत के लिए अमेरिका द्वारा 5,00,000 अमेरिकी डॉलर की सहायता की घोषणा के एक दिन बाद हुई। इस बीच श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कोलंबो नेपाल को 10 लाख अमेरिकी डॉलर की आर्थिक मदद देगा।

9:55 AM Nepal Flood LIVE: चीन-नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद 30 से अधिक देशों के नागरिक लापता बताए जा रहे हैं। कुल 1,400 से अधिक लोग लापता हैं। लापता लोगों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है जो ट्रैकिंग, पर्यटन या हिंदू तीर्थस्थलों की यात्रा पर आए थे। जानकारी के मुताबिक भारत के 288 नागरिक, अमेरिका के 90, यूक्रेन के 55, मलेशिया के 51, ऑस्ट्रेलिया के 39, ब्रिटेन के 33 और कनाडा के 25 नागरिक लापता हैं। इसके अलावा दक्षिण कोरिया के 9, सिंगापुर, जर्मनी और रूस के आठ-आठ तथा दक्षिण अफ्रीका और लातविया के छह-छह नागरिक लापता हैं। जापान और न्यूजीलैंड के पांच-पांच, फ्रांस के चार, बेल्जियम और स्पेन के तीन-तीन और कई अन्य देशों के नागरिक भी लापता हैं।

9:37 AM Nepal Flood LIVE: बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को नेपाल में आई बाढ़ पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मारे गए लोगों के परिवारों, नेपाल सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई है। हसीना ने एक बयान में कहा कि रसुवा जिले में अचानक आई बाढ़ ने लोगों को भारी मुसीबत में डाल दिया है; इसमें लोगों की जान गई है, कई लोग अभी भी लापता हैं और परिवार दर्द, अनिश्चितता और तबाही का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मरने वालों की आत्मा की शांति, घायलों के ठीक होने और लापता लोगों के सुरक्षित बचाव के लिए प्रार्थना की है। हसीना ने नेपाल को बंगलादेश का करीबी दोस्त बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, साथ ही क्षेत्रीय सहयोग और साझा आकांक्षाएं भी हैं।

9:20 AM Nepal Flood LIVE: भारतीय मूल के न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित भारतीयों के प्रति एकजुटता जताई है। ममदानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “आज सुबह न्यूयॉर्क के कई लोगों को अपने मूल देशों से बेहद दुखद खबर मिली। भारत और तिब्बत की सीमा वाले इलाकों में आई बाढ़ में सैकड़ों लोगों की जान चली गई है और कई लोग अब भी सुरक्षित जगह पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “भारत और तिब्बत के लोगों से मैं कहना चाहता हूं कि न्यूयॉर्क आपके दुख को समझता है। इस कठिन समय में आप अकेले नहीं हैं। न्यूयॉर्क आपके साथ खड़ा है।”

9:00 AM Nepal Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 469 हो गई है। बुधवार को आए सैलाब के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों ने बताया है कि बचावकर्मी नेपाल-चीन सीमा पर लापता सैकड़ों लोगों की तलाश में जुटे हैं।

8:50 AM Nepal Flood LIVE: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में गंडक बैराज के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। वाल्मीकि नगर में गंडक बैराज से गुजरने वाले पानी का प्रवाह फिलहाल 99,800 क्यूसेक दर्ज किया गया है, जिसे सामान्य स्तर माना जा रहा है। इससे पहले नेपाल में लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि हालात की निगरानी की जा रही है।

8:16 AM Nepal Flood LIVE: तिब्बत की निर्वासित सरकार ने आरोप लगाए हैं कि चीन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली परियोजना पर काम कर रहा है। CTA यानी सेंट्रल तिबेतन एडमिनिस्ट्रेशन ने आरोप लगाए हैं कि ये गतिविधियां पूरे हिमालयी क्षेत्र में आपदा के जोखिम को बढ़ा रहीं हैं।

8:00 AM Nepal Flood LIVE: भारत ने भी अपने नागरिकों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि 290 भारतीय नागरिकों से अब भी संपर्क नहीं हो पाया है। मंत्रालय ने कहा कि उनका पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए 'तत्काल प्रयास' किए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब तक 84 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है। इनमें निर्माणाधीन त्रिशूली-एक नदी प्रवाह आधारित जलविद्युत परियोजना में कार्यरत 63 श्रमिक और तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं।

7:51 AM Nepal Flood LIVE: नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी उप विदेश मंत्री (राजनीतिक मामलों) एलिसन हुकर से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों ने राहत एवं बचाव कार्यों पर चर्चा की तथा हुकर ने विनाशकारी बाढ़ में हुए जान-माल के नुकसान को लेकर संवेदना व्यक्त की। यह बातचीत नेपाल में बाढ़ राहत के लिए अमेरिका द्वारा 5,00,000 अमेरिकी डॉलर की सहायता की घोषणा के एक दिन बाद हुई।

7:37 AM Nepal Flood LIVE: बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ पर गहरा दुख व्यक्त किया और मारे गए लोगों के परिवारों, नेपाल सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई।

7:18 AM Nepal Flood LIVE: वाल्मीकि गंडक बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से कुशीनगर में नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और जिला प्रशासन बाढ़ की आशंका को देखते हुए तैयारियों में जुट गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद प्रदेश सरकार ने बचाव एवं राहत अभियान के लिए 32 सदस्यीय एसडीआरएफ पलटन और 22 पीएसी कर्मियों को नेपाल में तैनात किया है।

6:51 AM Nepal Flood LIVE: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेपाल पुलिस ने बताया है कि 178 भारतीय 65 अमेरिकी, 51 मलेशिया से, 53 यूक्रेन से, 33 ब्रिटिश, 35 ऑस्ट्रेलियाई, 25 कनाडा और 3 दर्जन अन्य देशों के नागरिक बुधवार से लापता है। चीनी अधिकारियों का कहना है कि नेपाल में कम से कम 100 नागरिक संपर्क में नहीं हैं।

6:43 AM Nepal Flood LIVE: काठमांडू पोस्ट के अनुसार, नेपाल में एक बैरियर लेक बन गई है और चीन की तरफ से इसे लेकर चेतावनी जारी की गई है। चीनी अधिकारियों ने चेताया है कि झील से पहले ही पानी बाहर निकल रहा है और आने वाले दिनों में इसमें और पानी पहुंच सकता है। चीन का अनुमान है कि गुरुवार सुबह तक झील में 20 लाख क्यूबिक मीटर पानी था और 30 लाख क्यूबिक मीटर तीन दिनों में आ सकता है।

6:29 AM Nepal Flood LIVE: भोटे कोशी नदी प्रणाली के उद्गम के पास एक नयी अवरोध झील बनने के बाद निचले इलाकों में फिर बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। प्राधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह प्राकृतिक अवरोधक टूटता है तो नदी और उसके निचले इलाकों में पानी का तेज बहाव एक और बार आ सकता है। (पीटीआई)