महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में स्थापित होगा 'नीतीश कुमार चेयर': LNMU की बैठक में फैसला, नए पाठ्यक्रमों को भी स्वीकृति दी - Darbhanga News

दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विद्वत परिषद् की बैठक कुलपति आवासीय कार्यालय कक्ष में आयोजित हुई।

.

बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार, नए पाठ्यक्रमों और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में विद्वत परिषद् के सदस्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी के प्रस्ताव पर विश्वविद्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (WIT) में "नीतीश कुमार चेयर" की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई।

नीतीश कुमार को आमंत्रित करने का प्रयास होगा

इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़ाव रहा है, इसलिए यह चेयर महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में स्थापित की जा रही है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आमंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में चार नए चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों—इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), फैशन टेक्नोलॉजी तथा बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए)—में 30-30 सीटों की स्वीकृति दी गई। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी और एमबीए में 60-60 सीटों की मंजूरी भी प्रदान की गई।

कुलपति बैठक करते हुए।

कुलपति बैठक करते हुए।

पाठ्यक्रमों को भी स्वीकृति दी गई

विद्वत परिषद् ने बिहार लोक भवन, पटना के पत्र के आलोक में दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम (प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर) के अंतर्गत भूगोल, प्राचीन भारतीय इतिहास और संस्कृति, वनस्पति विज्ञान, उर्दू, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान, संस्कृत और एजुकेशन विषयों के पाठ्यक्रमों को भी स्वीकृति प्रदान की।

इसके अलावा, सीएम कॉलेज, दरभंगा में शिक्षाशास्त्र विषय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए गठित समिति की रिपोर्ट पर विचार करते हुए शीघ्र स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया।

बैठक की शुरुआत कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसना की ओर ले गणपूर्ति की सूचना के बाद हुई। सर्वसम्मति से 2 जुलाई को आयोजित पिछली विद्वत परिषद् की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। अंत में कुलसचिव ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।