जम्मू-कश्मीर के LoC के पास मिली 3 लैंडमाइन... बम निरोधक दस्ते ने किया सुरक्षित डिफ्यूज
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को LoC के पास तीन लैंडमाइन बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. सेना की गश्ती टीमों ने मेंढर और हवेली तहसील के दो अग्रिम गांवों में इन लैंडमाइनों को देखा, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया.
जानकारी के मुताबिक, मेंढर सेक्टर के फगवाड़ा गली इलाके में सेना की गश्ती टीम को दो जंग लगी हुई लैंडमाइन दिखाई दीं. दोनों लैंडमाइनों को देखते ही इलाके को सुरक्षित किया गया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. टीम ने दोनों लैंडमाइनों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया.
इसी दौरान हवेली तहसील के कस्बा गांव में भी सेना की गश्ती टीम को एक एंटी-पर्सनल माइन मिली। बम निरोधक दस्ते ने इसे भी मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया.अधिकारियों के मुताबिक, इन घटनाओं में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है.
LoC से सटे इलाकों में बढ़ाई गई सतर्कता
गौरतलब है कि मंगलवार को भी पुंछ के मेंढर सेक्टर के एक अग्रिम गांव में सेना के बम निरोधक दस्ते ने तीन लैंडमाइन को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया था. लगातार लैंडमाइन मिलने के बाद LoC से सटे इलाकों में सेना की गश्त और निगरानी को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है.
सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
‘ऑपरेशन सोहन’ खत्म होने के बाद भी जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल अपना सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, उधमपुर के मजल्टा इलाके में हुई कार्रवाई के बाद, आतंकवादियों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए आसपास के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में लगातार तलाशी और निगरानी की जा रही है. सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने मिलकर ये हालिया ऑपरेशन चलाए हैं.
दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे
16-17 सितंबर की रात शुरू हुए ‘ऑपरेशन सोहन’ के दौरान, ब्रत्तल सोहन और खुब्बन के घने जंगलों में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मारे गए आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के तौर पर की है. घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए, जिनमें AK-सीरीज की राइफल, M-4 कार्बाइन, ग्लॉक पिस्तौल और ग्रेनेड शामिल हैं। एक संदिग्ध को भी पकड़ा गया है.

मेहराज अहमद
पत्रकारिता में 12 से अधिक साल से कार्यरत. शुरुआत रिजिनल चैनल के बाद इंडिया न्यूज, टीवी9 नेटवर्क, न्यूज़18 आईबीएन खबर, अमर उजाला, ईटीवी भारत वर्तमान में tv9 Bharatvatsh (tv9 hindi.com) का हिस्सा हूं. मानवाधिकार, आतंकवाद-रोधी जैसे मुद्दों पर रिपोर्टिंग करना पसंद है.
Read More