​Lucknow Road Accident: लखनऊ के सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार मजदूरों की मौत - Haribhoomi

​लखनऊ में सुल्तानपुर हाईवे पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बाराबंकी के चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई। पुलिस और राहत टीम ने क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला।

A horrific road accident in Lucknow

लखनऊ में भीषण सड़क हादसा

  • Published: 15 Aug 2026, 12:43 PM IST
  • Last Updated: 15 Aug 2026, 03:01 PM IST

​लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गंगागंज के पास ईंटों से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर चालक समेत चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

​तड़के पौने पांच बजे हुआ हादसा, क्रेन की मदद से निकाले गए शव
​गोसाईगंज थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शनिवार तड़के करीब पौने पांच बजे गंगागंज के पास सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ। एक ईंट-भट्ठे से ईंटें लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उस पर सवार सभी मजदूर उसके नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर एनएचएआई की क्रेन की मदद से ट्रॉली को सीधा किया और सभी को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया जबकि चौथे गंभीर घायल ने ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

​बाराबंकी के मजदूरों की हुई पहचान, परिजनों में मचा कोहराम
शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक पीतांबर रावत बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र स्थित अचकाकामऊ के एक ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था, जबकि अन्य मजदूर ईंट लादने और उतारने का काम करते थे।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत, 35 वर्षीय पीतांबर रावत, 25 वर्षीय पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है, जो सभी बाराबंकी के रहने वाले थे। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही उनके गांव और परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और रोना-पीटवा मच गया।

​पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आगे की कार्रवाई जारी
​हादसे के बाद पुलिस ने सभी चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में किस तरह की ओवरलोडिंग या तकनीकी कमी थी जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना घटी। फिलहाल पुलिस नियमानुसार आगामी कानूनी और वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।