Luxury SUV: एस्टन मार्टिन की ड्रेडनॉट से उठा पर्दा, जानें 4x4 एसयूवी के दामदार फीचर्स - Haribhoomi
Luxury SUV: एस्टन मार्टिन ने नई कॉन्सेप्ट ड्रेडनॉट 4x4 एसयूवी को लोकप्रिय वीडियो गेम के लिए तैयार किया है। जो मिलिट्री-प्रेरित डिजाइन के साथ वर्चुअल SUV गेमिंग और ऑटोमोबाइल वर्ल्ड का अनोखा संगम है।
एस्टन मार्टिन की ड्रेडनॉट से उठा पर्दा
- Published: 18 Jul 2026, 09:36 PM IST
- Last Updated: 18 Jul 2026, 09:36 PM IST
Luxury SUV: ब्रिटिश लग्जरी कार निर्माता एस्टन मार्टिन ने अपनी नई कॉन्सेप्ट की ड्रेडनॉट 4x4 एसयूवी से पर्दा उठा दिया है। इस खास एसयूवी को लोकप्रिय वीडियो गेम Call of Duty: Modern Warfare 4 के लिए तैयार किया गया है। मिलिट्री से प्रेरित इस वर्चुअल व्हीकल में एस्टन मार्टिन की प्रीमियम डिजाइन लैंग्वेज और दमदार ऑफ-रोड स्टाइल का अनोखा मेल देखने को मिलता है। इसका फुल-साइज वास्तविक मॉडल न्यूयॉर्क में आयोजित Fanatics Fest में 19 जुलाई तक शोकेस किया जा रहा है।
दमदार एक्सटीरियर डिजाइन
Chiltern Green रंग में पेश की गई Dreadnought का लुक पूरी तरह मिलिट्री-स्टाइल और आर्मर्ड व्हीकल से प्रेरित है। इसके फ्रंट में हॉरिजॉन्टल LED हेडलाइट्स, पिक्सेल-स्टाइल ग्रिल और मेश डिजाइन वाले LED फॉग लैंप दिए गए हैं। इसके अलावा फ्रंट बंपर पर सिल्वर टो-हुक और मजबूत स्किड प्लेट इसे और अधिक रग्ड अपील देते हैं।
साइड प्रोफाइल
साइड से देखने पर SUV में बड़े डुअल-टोन अलॉय व्हील्स और मोटे ऑफ-रोड टायर नजर आते हैं। चौकोर व्हील आर्च, शार्प बॉडी लाइन्स और फ्लश डोर हैंडल इसकी आधुनिक डिजाइन को और आकर्षक बनाते हैं। कैमरा-बेस्ड आउटसाइड रियर व्यू मिरर और ब्लैक-सिल्वर क्लैडिंग इसे फ्यूचरिस्टिक कॉन्सेप्ट SUV जैसा लुक देते हैं।
प्रीमियम केबिन
Aston Martin Dreadnought का इंटीरियर भी बेहद खास है। केबिन में डुअल-टोन ग्रीन और ब्लैक थीम के साथ गोल्ड एक्सेंट्स का इस्तेमाल किया गया है। सीटों पर ग्रीन लेदर अपहोल्स्ट्री दी गई है, जो इसे प्रीमियम फील देती है।
ड्राइवर के सामने टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जिसके पीछे स्पीडोमीटर और टैकोमीटर के लिए दो अलग-अलग गोल डिजिटल डिस्प्ले मौजूद हैं।
बड़ा टचस्क्रीन और हाई-टेक डैशबोर्ड
डैशबोर्ड के बीच में बड़ी टचस्क्रीन दी गई है, जो पैसेंजर साइड तक फैली हुई है। इस डिस्प्ले पर ऑफ-रोड ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी के साथ गेम का इंटरफेस और इन-गेम मेन्यू भी दिखाई देते हैं।
सेंटर कंसोल पर कार्बन-फाइबर फिनिश, गोल्डन गियर लीवर, कप होल्डर्स और कई फिजिकल कंट्रोल बटन दिए गए हैं, जो इसे प्रीमियम और स्पोर्टी लुक प्रदान करते हैं।
इंजन और साउंड
Aston Martin ने Dreadnought को केवल एक सामान्य गेमिंग मॉडल के रूप में तैयार नहीं किया है। कंपनी ने इसे V12 इंजन वाली SUV के रूप में विकसित किया है। इसमें Aston Martin के असली V12 इंजन की रिकॉर्ड की गई साउंड का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही गेम में वास्तविक ड्राइविंग अनुभव देने के लिए इसकी फिजिक्स और ड्राइविंग डायनेमिक्स को भी विशेष रूप से ट्यून किया गया है।
(मंजू कुमारी)