Malaika Arora के बेटे अरहान खान अब करेंगे ऐसा काम, पिता अरबाज खान ने किया सपोर्ट, क्या होने वाला है?
Published: Friday, September 4, 2026, 14:00 [IST]
Arhaan Khan Bollywood Debut: बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन और एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान के बेटे अरहान खान लंबे समय से लाइमलाइट में बने हुए हैं। बॉलीवुड पार्टियों से लेकर फिल्मी इवेंट्स तक, अरहान अपने स्टाइलिश अंदाज और डैशिंग लुक से अक्सर लोगों का ध्यान खींचते हैं। फिलहाल खबर है कि अरहान जल्द ही अपने माता-पिता की तरह फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।
अनिरुद्ध अय्यर की एक्शन फिल्म से डेब्यू करेंगे अरहान?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अरहान खान को एक बड़े एक्शन प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड में लॉन्च किया जा सकता है। जूम की एक रिपोर्ट के मुताबिक अरहान खान को एक बड़े बजट की एक्शन फिल्म के साथ लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। इस फिल्म का निर्देशन अनिरुद्ध अय्यर करेंगे। अनिरुद्ध इससे पहले आयुष्मान खुराना की फिल्म एन एक्शन हीरो का निर्देशन कर चुके हैं।
एक्शन और रोमांच का लगेगा तड़का
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अरहान खान की डेब्यू फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जाएगा। फिल्म में एक्शन और रोमांच का जबरदस्त तड़का देखने को मिल सकता है। फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है और बताया जा रहा है कि इसकी स्क्रिप्ट लगभग तैयार हो चुकी है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक इस प्रोजेक्ट या अरहान खान के डेब्यू को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
पॉडकास्ट के जरिए कैमरे के सामने आ चुके हैं अरहान
अरहान खान के लिए कैमरे के सामने आना बिल्कुल नया नहीं है। बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही वह डंब बिरयानी नाम के पॉडकास्ट में नजर आ चुके हैं। इस पॉडकास्ट में उन्होंने देव राययानी और अरुष वर्मा के साथ काम किया था। अब अगर वह बड़े पर्दे पर डेब्यू करते हैं तो ये उनके करियर का एक नया और बड़ा कदम होगा।
अरबाज खान ने बेटे के डेब्यू को लेकर कही थी ये बात
-अरहान खान के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर उनके पिता अरबाज खान से पहले भी सवाल किया जा चुका है। इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में अरबाज खान ने बताया था कि अरहान के लिए फिल्म की स्क्रिप्ट उनके पास भी आ सकती है और किसी दूसरे फिल्ममेकर की तरफ से भी।
-अरबाज खान ने कहा था कि आज के समय में कई लोगों की नजर अरहान पर है। अगर उन्हें अपने बेटे के लिए कोई अच्छी कहानी मिलती है तो वो उसे फिल्म ऑफर कर सकते हैं। हालांकि अंतिम फैसला अरहान का ही होगा कि वह उस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना चाहते हैं या नहीं।
अरहान खान के बॉलीवुड डेब्यू पर टिकी फैंस की नजरें
अरहान भले ही अभी फिल्मों में नजर नहीं आए हैं लेकिन सोशल मीडिया और फिल्मी पार्टियों के जरिए उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग बन चुकी है। ऐसे में उनके बॉलीवुड डेब्यू को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है। अगर अनिरुद्ध अय्यर की एक्शन फिल्म से उनकी एंट्री होती है, तो देखना दिलचस्प होगा कि वह बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं।
मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान ने 1998 में की थी शादी
अरहान खान मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान के इकलौते बेटे हैं। मलाइका और अरबाज ने करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 12 दिसंबर 1998 को शादी की थी। शादी के कुछ साल बाद दोनों बेटे अरहान के माता-पिता बने। हालांकि लंबे समय तक साथ रहने के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया और साल 2017 में उनका तलाक हो गया। अलग होने के बावजूद मलाइका और अरबाज अपने बेटे अरहान की परवरिश को लेकर हमेशा साथ खड़े नजर आए हैं।
अरबाज खान ने शूरा खान से की दूसरी शादी
मलाइका अरोड़ा से तलाक के बाद अरबाज खान ने साल 2023 में सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान से दूसरी शादी की। दोनों ने दिसंबर 2023 में निकाह किया था। शादी के बाद अरबाज और शूरा एक प्यारी सी बेटी सिपारा के माता-पिता बने हैं। वहीं अब अरहान के बॉलीवुड में कदम रखने की खबर ने खान परिवार के फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।