Mamata Banerjee FIR: ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन पर FIR; जानें पूरा मामला - Haribhoomi

Mamata Banerjee FIR: तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर ममता बनर्जी और आयोजकों पर FIR दर्ज हुई है। जानें क्या है पूरा मामला और आरोप।

Mamata banerjee

ममता बनर्जी ( फाइल फोटो )

  • Published: 29 Aug 2026, 03:14 PM IST
  • Last Updated: 29 Aug 2026, 03:14 PM IST

Mamata Banerjee FIR: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। 28 अगस्त को तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर हेस्टिंग्स थाने में ममता बनर्जी और संगठन के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कार्यक्रम के दौरान बैरिकेड हटाने, पुलिसकर्मियों से कथित धक्का-मुक्की और कैथेड्रल रोड पर यातायात बाधित होने के आरोप लगाए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कुछ समर्थकों ने कथित तौर पर बैरिकेड हटा दिए और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। शिकायत में कैथेड्रल रोड पर यातायात बाधित होने का भी आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा आरोप है कि कार्यक्रम कलकत्ता हाईकोर्ट की ओर से निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद भी जारी रहा। इन्हीं आरोपों के आधार पर हेस्टिंग्स थाने में मामला दर्ज किया गया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 61(2), 223, 125(ए), 132 और 285 के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

Kolkata: A case has been registered at Hastings Police Station against former West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee and organisers of the West Bengal Trinamool Chhatra Parishad (WBTMCP) over alleged violation of a Calcutta High Court order during the organisation’s…

— ANI (@ANI) August 29, 2026

स्थापना दिवस कार्यक्रम में ममता ने क्या कहा?
28 अगस्त को आयोजित तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने अपने समर्थकों से राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकने की अपील की थी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मजबूत और निडर रहने की बात कही और भाजपा में शामिल नहीं होने का संदेश दिया। ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी जल्द सत्ता में वापस आएगी और राज्य में नया राजनीतिक इतिहास लिखेगी। उन्होंने युवा और महिला कार्यकर्ताओं से राजनीतिक लड़ाई को आगे बढ़ाने की अपील भी की।

'राजनीतिक आत्मसमर्पण न करें'
कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने अपने साथियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर जेल जाना पड़े तो भी राजनीतिक रूप से आत्मसमर्पण नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र राजनीति से निकलकर सत्ता तक पहुंचने वाले लोगों को डराया नहीं जा सकता। उनके इस बयान को राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शुभेंदु अधिकारी ने किया छात्र संघ चुनाव का ऐलान
इसी बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राज्य के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जल्द छात्र संघ चुनाव कराने की बात कही। लंबे समय से विपक्ष और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से उच्च शिक्षण संस्थानों में चुनाव कराने की मांग की जाती रही है।

जादवपुर विश्वविद्यालय के बाहर एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव जल्द होंगे। उन्होंने दावा किया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) चुनावों में जीत हासिल करेगी और कॉलेज परिसरों में भगवा झंडे दिखाई देंगे।

छात्र संघ चुनाव को लेकर फिर गरमाई राजनीति
राज्य के कई उच्च शिक्षण संस्थानों में हाल के दिनों में छात्र संगठनों के बीच हुई झड़पों के बाद छात्र संघ चुनाव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। जादवपुर विश्वविद्यालय भी ऐसे मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है।

इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने भाजपा सरकार पर छात्र संघ चुनाव कराने को लेकर पहल नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने राज्य के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तत्काल चुनाव कराने की मांग करते हुए सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट स्थिति बताने को कहा था।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब ममता बनर्जी और तृणमूल छात्र परिषद के आयोजकों के खिलाफ दर्ज FIR ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।