​Mathura Mall Accident: मथुरा में निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा; 3 मजदूरों की मौत - Haribhoomi

मथुरा के वृंदावन स्थित रुक्मिणी विहार इलाके में निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। सुबह छज्जा ढलाई के काम के दौरान हुए इस हादसे के बाद परिजनों ने न्याय की मांग की है।

File photo of the three deceased labourers

मृतक तीन मजदूरों की फाइल फोटो

  • Published: 21 Aug 2026, 11:52 AM IST
  • Last Updated: 21 Aug 2026, 11:52 AM IST

मथुरा : थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र के रुक्मिणी विहार में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

​सुबह 7 बजे हुआ हादसा, मलबे में दबे मजदूर

जानकारी के अनुसार, मॉल में सुबह करीब 7 बजे छज्जा ढलाई कंक्रीट का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी शटरिंग नीचे आ गिरी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, मुख्य अग्निशमन अधिकारी CFO और क्षेत्राधिकारी CO फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

​एक की मौके पर, दो की अस्पताल में मौत

मलबे से निकाले जाने तक नेपाल निवासी शिवराम 40 की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मलबे में दबे तीन अन्य घायल मजदूरों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान पश्चिम बंगाल के कूचबिहार निवासी रफीउल 40 और आलम 42 ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल पश्चिम बंगाल निवासी दिलदार 42 के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, लगाई न्याय की गुहार

हादसे की जानकारी मिलते ही मजदूरों के परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक शिवराम के परिजनों का कहना है कि वे हाल ही में काम पर आए थे और इस हादसे ने उनका परिवार उजाड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी ठीक से सुनवाई नहीं हो रही है और उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​अधिकारियों और प्रबंधन का पक्ष

एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि रुक्मिणी विहार में पिछले 3 साल से ओमेक्स मॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। सुबह छज्जा निकालते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

​वहीं, ओमेक्स मॉल के प्रबंधक आर. के. जैन ने बताया कि कंक्रीट डालते समय अचानक छज्जा गिर गया। हादसा किस तकनीकी खराबी या लापरवाही से हुआ, इसकी आंतरिक जांच की जा रही है।