मिलावटखोरों पर MCOCA लगाने की तैयारी? महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम का बड़ा बयान

मिलावटखोरों पर MCOCA लगाने की तैयारी? महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम का बड़ा बयान

महाराष्ट्र में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजाImage Credit source: Pixabay/X/@iYogeshRKadam

महाराष्ट्र के गृह एवं FDA राज्यमंत्री योगेश कदम ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने संकेत दिए हैं कि गंभीर मामलों में मिलावटखोरों के खिलाफ MCOCA यानी महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून के तहत कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है. योगेश कदम ने कहा कि दूध, पनीर और एनालॉग पनीर में मिलावट करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में FDA की कार्रवाई लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि मिलावट करने वाले लोग कानून की कमियों का फायदा उठाकर बच न सकें.

दरअसल, एनालॉग पनीर पर महाराष्ट्र में पहले से प्रतिबंध है, बावजूद इसके इसकी बिक्री और इस्तेमाल को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं. FDA विभाग की समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए योगेश कदम ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना के मंत्रियों के अधीन आने वाले विभागों की समीक्षा की थी. एफडीए की कार्रवाई को लेकर निर्देश दिया गया कि हर कार्रवाई कानूनी तौर पर मजबूत हो और अदालत में भी टिके.

FDA की कानूनी टीम को किया जाएगा मजबूत

उन्होंने कहा कि बड़े और प्रभावशाली आरोपी हाईकोर्ट में मामलों को चुनौती देते हैं और बड़े वकील नियुक्त करते हैं. इसलिए FDA की कानूनी टीम को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि दोषियों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई न्यायिक जांच में कायम रहे.

महाराष्ट्र में 1 साल के लिए एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध

खाद्य सुरक्षा संबंधी खामियों और लेबलिंग उल्लंघनों के बाद महाराष्ट्र ने हाल ही में एक साल के लिए एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया है. होटलों, रेस्टोरेंट, खानपान सेवाओं और क्लाउड किचन को भी इस प्रोडक्ट का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया गया है. हालांकि यह प्रतिबंध खाद्य सुरक्षा और लेबलिंग उल्लंघनों पर आधारित है, लेकिन इसने स्वास्थ्य संबंधी सवाल भी खड़े कर दिए हैं. कई लोगों को शायद यह अहसास भी न हो कि वो नकली पनीर खा रहे हैं, खासकर रेस्टोरेंट से पनीर ऑर्डर करते समय. चूंकि यह दिखने में और बनावट में पारंपरिक पनीर से काफी मिलता-जुलता है, इसलिए लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि वो डेयरी प्रोडक्ट ही खा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: देश की सबसे अमीर महानगरपालिका BMC में टैबलेट पर क्यों मचा बवाल? विपक्ष ने उठाए सवाल

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button