Meta के खिलाफ राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की जांच शुरू, जानें क्या है पूरा मामला

Meta के खिलाफ राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की जांच शुरू, जानें क्या है पूरा मामला

मेटा के खिलाफ NCPCR की जांचImage Credit source: Getty Images

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने बीते 3 जुलाई को मेटा (Meta) को एक नोटिस जारी किया था. यह नोटिस बीबीसी आई (BBC Eye) की एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लेते हुए जारी किया गया था, जिसमें बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री (CSEAM) से संबंधित कथित विज्ञापनों का ज़िक्र था. आयोग ने इस मामले में Meta से स्पष्टीकरण मांगा था, जिसके जवाब में मेटा ने एक हफ्ते बाद अपना उत्तर सौंपा और अब आयोग ने मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच शुरू करने का फैसला किया है.

इससे पहले राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने दिल्ली पुलिस को मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम पर सशुल्क विज्ञापनों के माध्यम से भारत में बाल यौन शोषण सामग्री को बढ़ावा देने के आरोपों की व्यापक जांच करने और यह जांच करने का निर्देश दिया था कि क्या तकनीकी कंपनी और अन्य संबंधित संस्थाओं ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम के तहत अनिवार्य रिपोर्टिंग दायित्वों का पालन किया है.

आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से मांगी थी रिपोर्ट

आयोग ने 8 जुलाई को एक पत्र लिखकर दिल्ली पुलिस आयुक्त को इस मामले पर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) पेश करने का निर्देश दिया था, जबकि 6 जुलाई को आयोग के सामने शिकायत/सूचना पेश किए जाने के बाद कार्रवाई शुरू की गई थी. इसके बाद एनएचआरसी ने 29 जुलाई को दिल्ली पुलिस को एक और पत्र लिखकर अपेक्षित रिपोर्ट पेश करने को कहा था.

भारत आ रही Meta की वैश्विक टीम

आईटी सचिव एस कृष्णन ने मंगलवार को कहा कि केंद्र 5 और 6 अगस्त को भारत में होने वाली अपनी बैठक के दौरान मेटा की वैश्विक टीम के साथ कई चिंताओं को उठाएगा, जिनमें प्लेटफॉर्म द्वारा बाल यौन शोषण और दुर्व्यवहार सामग्री से निपटने का तरीका, प्रमुख वैरिफाइड अकाउंट्स पर अस्थायी प्रतिबंध और एआई-जनरेटेड सामग्री का प्रसार शामिल है. हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि भारत आने वाली मेटा टीम में कौन-कौन शामिल होंगे, लेकिन इस मामले में मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग से व्यक्तिगत माफी मांगने की मांग जरूर की गई है.

ये भी पढ़ें: भगोड़ों पर सरकार का शिकंजा! 36 देशों से 7 साल में 274 अपराधी लाए गए भारत, 17874 करोड़ की संपत्ति जब्त

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर सीनियर सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां ट्रेंडिंग डेस्क पर काम करते हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 8 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़ा. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है

Read More

google button