कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड को मंजूरी: अवैध कॉलोनियों में खुलेंगे संपत्तिकर खाते; इंदौर MIC की बैठक में लिए गए कई फैसले - Indore News
इंदौर शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए मंगलवार को नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अवैध कॉलोनियों में निजी भूमि के संपत्तिकर खाते खोलने, नामांतरण प्र
.
बैठक में अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को राहत देते हुए एमआईसी ने तय किया कि पूर्ण स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध होने पर निजी संपत्तियों और प्लॉट के संपत्तिकर खाते खोले जाएंगे। इसके लिए अधिभोगी अथवा अधिवासी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, शासकीय अतिक्रमण या शासकीय भूमि पर संपत्तिकर जमा नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा संपत्तियों के नामांतरण की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के लिए एसओपी तैयार करने को मंजूरी दी गई। रणजीत हनुमान रोड स्थित ब्रह्मलीन श्री लक्ष्मणसिंह गौड़ उद्यान परिसर में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्वीमिंग पूल के निर्माण के बाद उसके संचालन और संधारण का काम पीपीपी मॉडल पर करने का निर्णय लिया गया।
फूटी कोठी फ्लायओवर के नीचे उपलब्ध खाली जमीन पर स्मार्ट हब विकसित करने और उसके संचालन-संधारण को पीपीपी मॉडल पर देने की भी मंजूरी दी गई। देवगुराड़िया में 60 टीपीडी नारियल अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग के लिए एजेंसी चयन को भी हरी झंडी दी गई।

एमआईसी बैठक में शामिल महापौर, एमआईसी मेंबर व निगम के अधिकारी।
चौराहों पर दिखेगी ‘अखंड भारत’ थीम
पलासिया चौराहे को मेसर्स जयदीप इस्पात एंड एलॉयज प्रा. लि. द्वारा सीएसआर के तहत गोद लिया जाएगा। यहां ‘आई लव इंदौर’ के साथ ‘अखंड भारत’ थीम आधारित स्मारक स्थापित किया जाएगा। राजकुमार ब्रिज के पास प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 और 6 के सामने चंद्रयान की प्रतिकृति के शेष निर्माण, सौंदर्यीकरण और संधारण का काम भी एचडी वायर प्रा. लि. द्वारा सीएसआर के तहत किया जाएगा।
कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक बनेगा लिंक रोड
शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ने के लिए कनाड़िया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड निर्माण को मंजूरी दी गई। इससे क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है। सुभाष नगर और वल्लभ नगर मार्केट में नए मार्केट के निर्माण की दिशा में भी निगम कार्रवाई करेगा।
अन्नपूर्णा तालाब के पास बनेगा स्ट्रीट फूड हब
केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार पथ विक्रेताओं के लिए सहायता घटक के तहत अन्नपूर्णा रोड स्थित तालाब के पास मौजूदा हॉकर्स जोन की जगह स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जाएगा।

एमआईसी बैठक में शामिल निगम अधिकारी, महापौर व एमआईसी मेंबर।
गणेशोत्सव और झांकी को लेकर भी फैसले
अनंत चतुर्दशी पर नगर निगम परंपरानुसार झांकी निकालेगा और गणेशोत्सव मनाएगा। इसके लिए अनुदान मंजूर किया गया। इंदौर की मिलों को झांकी निर्माण के लिए अंशदान देने का भी निर्णय लिया गया। गणेशोत्सव विसर्जन चल समारोह में शामिल अखाड़ों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 15 हजार से बढ़ाकर 21 हजार रुपए करने को मंजूरी दी गई।
70 नई गेंट्री, विज्ञापन अधिकार ऑनलाइन टेंडर से
शहर में 70 नई गेंट्री के निर्माण के साथ इनके 10 साल के विज्ञापन अधिकार देने के लिए ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में कैमरा शुल्क, मूवी कैमरा शुल्क और व्यावसायिक फोटोग्राफरों के शुल्क बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई। हालांकि, जू का प्रवेश शुल्क नहीं बढ़ाया जाएगा।
कर्मचारियों के मेहनताना पर भी फैसला
निगम में कार्यरत मस्टर श्रमिकों को कलेक्टर इंदौर द्वारा निर्धारित नई दर के अनुसार मेहनताना देने की मंजूरी दी गई। कर्मचारी यूनियन की मांगों से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने का भी निर्णय लिया गया।
गर्मी के दिनों में लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए संपवेल पर क्लोरीनेटर सहित अन्य आवश्यक सिस्टम लगाने पर भी सहमति बनी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बैठक के बाद कहा कि शहर के विकास को केवल पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ाने के बजाय पीपीपी मॉडल, सीएसआर और जनभागीदारी के माध्यम से नए प्रयोग किए जा रहे हैं। स्वच्छता के साथ शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और लोगों की सुविधाओं को मजबूत करना निगम की प्राथमिकता है।