Mirzapur The Movie: 'शूरवीर' गाने के कॉपीराइट विवाद पर लगा फुल स्टॉप, म्यूजिक लेबल ने दी सफाई, जानें पूरा मामला

'मिर्जापुर: द मूवी' सॉन्ग कंट्रोवर्सी
Mirzapur The Movie Shoorveer Song Controversy: थिएटर में रिलीज होते ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है, तो वहीं दूसरी तरफ फिल्म के एक गाने को लेकर इंटरनेट पर तगड़ा बखेड़ा खड़ा हो गया है. फिल्म में इस्तेमाल किए गए बेहद मशहूर राजस्थानी लोक-फ्यूजन ट्रैक ‘शूरवीर’ को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या मेकर्स ने इसे बिना इजाजत अपनी फिल्म में इस्तेमाल किया. लेकिन अब इस पूरे विवाद पर म्यूजिक लेबल ने सामने आकर दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है. गाने के ओरिजिनल म्यूजिक लेबल ‘ट्रूपर रिकॉर्ड्स’ ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कर दिया है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ में इस ट्रैक का इस्तेमाल पूरी तरह लीगल है और फरहान अख्तर-रितेश सिधवानी की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को इसका बाकायदा ऑफिशियल इन-फिल्म लाइसेंस दिया गया था.
दरअसल, ‘शूरवीर’ राजस्थान का बेहद लोकप्रिय फोक-फ्यूजन ट्रैक है, जिसे जाने-माने आर्टिस्ट रैपरिया बालम ने कंपोज किया और गाया है, जबकि इसके बोल रजनीश जयपुरी ने लिखे हैं. जैसे ही ‘मिर्जापुर: द मूवी ‘ में ये गाना गूंजा, तब इसके ओरिजिनल क्रिएटर रैपरिया बालम सन्न रह गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक और दर्द भरा पोस्ट शेयर करते हुए मेकर्स पर सीधे आरोप लगाए थे.
रैपरिया बालम ने क्या आरोप लगाए थे?
रैपरिया बालम ने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा था कि फिल्म में उनके गाने का इस्तेमाल बिना उनकी जानकारी या अनुमति के किया गया है. उन्होंने दिल टूटने वाले इमोजी के साथ लिखा था कि एक इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट दिन-रात मेहनत करके कोई गाना बनाता है, लेकिन जब बॉलीवुड के बड़े प्रोडक्शन हाउस बिना पूछे या बिना क्रेडिट दिए उसे अपनी 70mm की कमर्शियल फिल्म में इस्तेमाल कर लेते हैं, तो रूह तक कांप जाती है.
म्यूजिक लेबल ने दी सफाई
बढ़ते विवाद के बीच गाने के प्रोड्यूसर हनी ट्रूपर और लेबल ‘ट्रूपर रिकॉर्ड्स’ ने सीधे इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर मामले को शांत कर दिया. लेबल ने पोस्ट में लिखा, “ट्रूपर रिकॉर्ड्स ये शेयर करते हुए बेहद खुश है कि ‘शूरवीर’ गाने को आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में इन-फिल्म इस्तेमाल के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को लाइसेंस दिया गया था. हम एक्सेल एंटरटेनमेंट और ‘मिर्जापुर’ की पूरी टीम को फिल्म की रिलीज पर बधाई देते हैं.” लेबल ने इस पोस्ट के साथ गाने के ओरिजिनल क्रिएटर रैपरिया बालम, गीतकार रजनीश जयपुरी और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर को भी बाकायदा क्रेडिट्स में मेंशन किया है.
ये भी पढ़ें-
150 करोड़ से 30 करोड़ पर आई टॉक्सिक! ओटीटी से लगा यश को बड़ा झटका
महाराणा प्रताप का अपमान है रिलीज के साथ ही विवादों में मिर्जापुर फिल्म, शूरवीर के ऑरिजनल सिंगर ने लगाए आरोप
इंडस्ट्री में क्यों होते हैं ऐसे कन्फ्यूजन?
अक्सर म्यूजिक इंडस्ट्री में राइट्स और ओनरशिप का स्ट्रक्चर थोड़ा पेचीदा होता है. कई बार आर्टिस्ट गाने का कॉपीराइट म्यूजिक लेबल को बेच देते हैं. ऐसे में जब कोई फिल्म प्रोडक्शन हाउस उस गाने को खरीदना चाहता है, तो वो सीधे लेबल से कानूनी लाइसेंस लेता है, जिसकी जानकारी कई बार खुद ओरिजिनल गायकों या आम पब्लिक तक तुरंत नहीं पहुंचती. ‘शूरवीर’ के मामले में भी यही हुआ.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More