‘Mirzapur: The Movie’ के 8 दमदार डायलॉग, तीसरा वाला पढ़कर नहीं रोक पाएंगे हंसी
Mirzapur The Movie trailer dialogues: 'मिर्जापुर' अब OTT से बड़े पर्दे पर आ रही है। ट्रेलर में गद्दी, बाहुबल और बदले की लड़ाई बड़े पैमाने पर दिखाई गई है। कालीन भैया, गुड्डू और मुन्ना भैया की वापसी हो रही है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को रिलीज होगी।
‘Mirzapur: The Movie’ का ट्रेलर सामने आते ही एक बात साफ हो गई है कि मिर्जापुर की दुनिया अब OTT की स्क्रीन से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंच चुकी है, लेकिन यहां के किरदारों के उसूल अब भी वही हैं। गद्दी, बाहुबल, डर, दुश्मनी और बदला... ट्रेलर इन्हीं चीजों के इर्द-गिर्द घूमता नजर आता है। पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना भैया जैसे लोकप्रिय किरदारों की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। ट्रेलर में इन किरदारों के बीच सत्ता की लड़ाई को पहले से कहीं बड़े स्तर पर दिखाया गया है। फिल्म के ट्रेलर में खून-खराबे, हिंसा और बदले की झलक के साथ ऐसे कई डायलॉग हैं, जो सीधे मिर्जापुर के पुराने अंदाज की याद दिलाते हैं। मिर्जापुर ट्रेलर में सुनाई दिए ये 8 सबसे दमदार डायलॉग -
1- “गद्दी ना तो विरासत से मिलती है ना तो सियासत से,
मिलती है तो सिर्फ और सिर्फ बाहुबल से और टिकती है डर पर।
जिस दिन इस पर बैठे समझो मौत से तुम्हारा रिश्ता पक्का हो गया।”
मिर्जापुर की गद्दी सिर्फ सत्ता की कुर्सी नहीं, बल्कि खतरे का दूसरा नाम है। इसे हासिल करने वाला शख्स जितना ताकतवर होता है, उतने ही ज्यादा दुश्मन भी उसके पीछे लग जाते हैं। यही वजह है कि ट्रेलर में सत्ता की लड़ाई के साथ-साथ लगातार हिंसा और टकराव की झलक देखने को मिलती है।
और पढ़ें - रणबीर कपूर ने तोड़ी चुप्पी, Ramayana VFX ट्रोलिंग पर बोले - ‘लोग समझते हैं AI से सब बन गया...’
2- ‘बाहुबली मारते नहीं, मारने का ऑर्डर देते हैं’
मिर्जापुर की दुनिया में बाहुबली होने का मतलब सिर्फ हाथ में बंदूक लेकर सामने खड़े होना नहीं है। ट्रेलर का यह संवाद इसी सोच को आगे बढ़ाता है। एक लाइन में ही यहां की सत्ता व्यवस्था का अंदाज समझ आ जाता है। असली ताकत उस शख्स के पास है जिसके एक इशारे पर दूसरे लोग काम करने लगें।
3- “पीठ पर छुरा क्यों घोपें, प्रतिशंकर शुक्ला के अंडकोश ठोकें।”
ट्रेलर में ये बेहद अग्रेसिव डायलॉग है। यह डायलॉग फिल्म में मौजूद दुश्मनी और बदले की तीखी भाषा को दिखाता है। ‘Mirzapur’ फ्रेंचाइजी की पहचान ही इसके बेबाक और हिंसक डायलॉग रहे हैं और फिल्म के ट्रेलर में भी वही अंदाज बरकरार दिखाई देता है।
4- “ईमानदारी जो है ना पापा अजगर है, लपेटे आप अपने गले में हैं और दम सबका घुट रहा है।”
ट्रेलर का एक संवाद सत्ता की राजनीति से अलग सोचने पर मजबूर करता है। मिर्जापुर की दुनिया में ईमानदारी और नैतिकता की अपनी कोई सीधी परिभाषा नहीं है। यहां हर किरदार अपने फायदे और अपने नियमों के हिसाब से चीजों को देखता है। यही लाइन उस सोच को बेहद कड़वे लेकिन दिलचस्प अंदाज में सामने रखती है।
5- “मिर्जापुर की गद्दी के बारे में सुने हैं मिर्जापुर में एक ही दरवाजा है यादव जी, दूसरा कोई नहीं खुलेगा। ….नहीं खुला तो तोड़ देंगे।”
गद्दी पर कब्जे को लेकर ट्रेलर में एक और जबरदस्त बातचीत सुनाई देती है यानी रास्ता बंद हो तो समझौता नहीं, रास्ता तोड़कर आगे बढ़ने का इरादा है। यही मिर्जापुर की दुनिया का सबसे बड़ा नियम नजर आता है।

6- “खतरा चाहे कितना भी छोटा हो उसे जीवित नहीं छोड़ सकते, यही गद्दी का नियम है।”
यही सोच इस पूरी कहानी को और खतरनाक बनाती है। क्योंकि यहां किसी को सिर्फ इसलिए नहीं छोड़ा जाता कि वह इस वक्त कमजोर है। अगर वह भविष्य में खतरा बन सकता है, तो उसे खत्म करना ही सत्ता का नियम माना जाता है।
और पढ़ें - Haiwaan Teaser: विलेन बने अक्षय कुमार, अंधे सैफ अली खान लेंगे बदला, हैवान टीजर में दिखी धांसू कहानी
7- “दिलवाले हैं हम, दिल फास्ट धड़कना चाहिए।”
8- “रिश्ता कोई सा भी हो मुन्ना भैया, औरत की छाती से लगकर मर्द को अच्छा ही लगता है।”
ये डायलॉग्स दिखाते हैं कि फिल्म ने फ्रेंचाइजी के उस रॉ और अनफिल्टर्ड अंदाज को बरकरार रखा है, जिसके लिए ‘Mirzapur’ के किरदार पहले से पहचाने जाते हैं।
बड़े पर्दे पर और बड़ा होगा ‘भौकाल’
‘Mirzapur: The Movie’ को सिर्फ सीरीज का एक और अध्याय नहीं माना जा रहा, बल्कि यह पहली बार इस दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर जा रही है। मेकर्स और कलाकारों ने भी इस बदलाव को लेकर उत्साह जताया है। फरहान अख्तर के मुताबिक, फिल्म को थिएटर तक लाने के पीछे सबसे बड़ी वजह फैंस की लगातार मांग रही। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु के साथ रवि किशन, जितेंद्र कुमार, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल और कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। जितेंद्र कुमार की एंट्री इस यूनिवर्स में एक नया रंग जोड़ती है। सबसे ज्यादा चर्चा हालांकि मुन्ना भैया की वापसी को लेकर है। सीरीज में उनके किरदार की कहानी जिस मोड़ पर खत्म हुई थी, उसके बाद फिल्म में उनकी मौजूदगी ने फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिव्येंदु ने इस वापसी को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा है कि हिंदी फिल्मों के हीरो अमर होते हैं।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
‘Mirzapur: The Movie’ का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं और इसकी कहानी पुणीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की Excel Entertainment के बैनर तले हुआ है। इसे 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर देखकर इतना तो साफ है कि इस बार मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई सिर्फ बड़ी नहीं हुई है, बल्कि उसका पैमाना भी बड़े पर्दे के हिसाब से काफी बढ़ा दिया गया है। अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि गद्दी किसके पास है सवाल यह है कि इसे बचाने के लिए कौन किस हद तक जाएगा?