Mirzapur The Movie BO collection Day 4: 'मिर्जापुर: द मूवी' का जलवा बरकरार, 4 दिन में कमाए 154 करोड़ रुपए
Published: Tuesday, September 8, 2026, 16:50 [IST]
Mirzapur The Movie Box Office collection Day 4: 'कालीन भैया', 'गुड्डू भैया' और 'मुन्ना भैया' की कहानी ने बड़े पर्दे पर भी दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बना ली है। 'मिर्जापुर: द मूवी' ने रिलीज के पहले सोमवार यानी 7 सितंबर 2026 को भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। फिल्म ने सोमवार की कमाई के साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी 154 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
'मिर्जापुर: द मूवी' ने पहले सोमवार की कमाई से चौंकाया
खास बात ये है कि 'मिर्जापुर: द मूवी' ने पहले सोमवार की कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इनमें सलमान खान की 'सुल्तान', 'रणबीर कपूर' की 'ऐ दिल है मुश्किल', 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा' और 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्में शामिल हैं। साल 2026 में रिलीज हुई हिंदी फिल्मों की बात करें तो ये पहले सोमवार की कमाई के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
'मिर्जापुर: द मूवी' ने चौथे दिन कमाए 16 करोड़
-सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' ने रिलीज के चौथे दिन यानी 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को भारत में 16 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म ने अपनिंग डे पर 25.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में सोमवार की कमाई में पहले दिन के मुकाबले करीब 37.86 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
-हालांकि पहले वर्किंग डे पर 40 फीसदी के आसपास की गिरावट को बॉक्स ऑफिस के लिहाज से अच्छा संकेत माना जाता है। इससे साफ है कि वीकेंड के बाद भी फिल्म को दर्शकों का सपोर्ट मिल रहा है। चार दिनों का फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 109.75 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 131.55 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
फिल्म की चार दिनों की कमाई इस तरह है-
पहला दिन (शुक्रवार)- 25.75 करोड़ रुपये
दूसरा दिन (शनिवार)- 32 करोड़ रुपये
तीसरा दिन (रविवार)- 36 करोड़ रुपये
चौथा दिन (सोमवार)- 16 करोड़ रुपये
वर्ल्डवाइड 154 करोड़ के पार पहुंची 'मिर्जापुर: द मूवी'
-भारत के अलावा विदेशों में भी 'मिर्जापुर: द मूवी' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने चौथे दिन ओवरसीज मार्केट में करीब 2.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। चार दिनों में विदेशी बाजार से फिल्म की कुल कमाई 22.50 करोड़ रुपये हो गई है।
-भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 154.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है यानी रिलीज के महज चार दिनों में फिल्म ने 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
'सुल्तान' और 'द कश्मीर फाइल्स' से आगे निकली
-अगर बॉलीवुड की उन फिल्मों की बात करें, जिन्होंने पहले सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई की है, तो 'मिर्जापुर: द मूवी' की रैंकिंग अभी काफी नीचे है। ये इस लिस्ट में 39वें स्थान पर है। इसके बावजूद फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों का फर्स्ट मंडे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
-'ऐ दिल है मुश्किल' ने पहले सोमवार को 15.65 करोड़ रुपये, 'सुल्तान' ने 15.54 करोड़ रुपये, 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा' ने 15.10 करोड़ रुपये और 'द कश्मीर फाइल्स' ने 15.05 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं 'मिर्जापुर: द मूवी' ने पहले सोमवार को 16 करोड़ रुपये कमाकर इन सभी फिल्मों को पीछे कर दिया है।
2026 में फर्स्ट मंडे कलेक्शन में तीसरे नंबर पर
-साल 2026 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्मों के फर्स्ट मंडे कलेक्शन की बात करें तो 'मिर्जापुर: द मूवी' ने तीसरी बड़ी कमाई दर्ज की है। इस लिस्ट में सबसे ऊपर रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेंज' है, जिसने पहले सोमवार को 60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद 'बॉर्डर 2' मूवी का नंबर आता है, जिसने पहले सोमवार को 59 करोड़ रुपये कमाए थे।
-अब 16 करोड़ रुपये के साथ 'मिर्जापुर: द मूवी' तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। फिल्म ने अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' मूवी को पीछे छोड़ा दिया है, जिसने पहले सोमवार को 6.75 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया था।
250 करोड़ के बजट में बनी है 'मिर्जापुर: द मूवी'
-'मिर्जापुर: द मूवी' को सबसे बड़ा फायदा इसकी लोकप्रिय वेब सीरीज की फैन फॉलोइंग का मिल रहा है। कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया जैसे किरदार पहले से ही दर्शकों के बीच बेहद पॉपुलर हैं। यही वजह है कि सीरीज के फैंस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं।
-हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को अभी लंबा सफर तय करना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है। ऐसे में इसे सफल या हिट साबित होने के लिए आने वाले दिनों में अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखनी होगी।
-गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा अपने पुराने किरदारों में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा रवि किशन और जितेंद्र कुमार की एंट्री भी दर्शकों को पसंद आ रही है। रसिका दुग्गल का बीना त्रिपाठी वाला किरदार भी एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म की स्टारकास्ट में श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, सुशांत सिंह, अभिषेक बनर्जी, हर्षिता गौर, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार भी शामिल हैं।