Mithun Chakraborty Hospitalised: अचानक अस्पताल में भर्ती हुए मिथुन चक्रवर्ती, कोलकाता में चल रहा इलाज, सामने आईं तस्वीरें - Haribhoomi

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को स्वास्थ्य समस्या के चलते कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी सर्जरी की गई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

Mithun Chakraborty Hospitalised

मिथुन चक्रवर्ती की कोलकाता में सर्जरी हुई

  • Published: 07 Aug 2026, 06:11 PM IST
  • Last Updated: 07 Aug 2026, 06:11 PM IST

Mithun Chakraborty Hospitalised: दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी एक मामूली सर्जरी की गई, जिसके बाद उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस के बीच चिंता बढ़ गई, हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उनकी तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिनेता की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मिथुन की सेहत की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मिथुन चक्रवर्ती फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी रिकवरी अच्छी तरह हो रही है।

गोपनीय रखना चाहते थे सर्जरी की जानकारी
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि अभिनेता की सर्जरी गुरुवार रात हुई थी। उन्होंने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती इस पूरी प्रक्रिया को निजी रखना चाहते थे, इसलिए इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अभिनेता ने पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सूचित कर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि मिथुन अब पहले से बेहतर हैं और जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।

फिल्म और राजनीति दोनों में सक्रिय हैं मिथुन
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में हिंदी और बांग्ला फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत 1976 में फिल्म 'मृगया' से की थी, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इसके बाद 'डिस्को डांसर' जैसी सुपरहिट फिल्म ने उन्हें देश ही नहीं, विदेशों में भी जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई। फिल्मों के साथ-साथ मिथुन राजनीति में भी सक्रिय हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं।