जालंधर कैंट MLA ने कचरे पर जताया विरोध: बोले- बरनाला में भी यही काम, बड़ी बातें काम कोई नहीं; लोग फिसलकर हुए चोटिल - Jalandhar News

जालंधर कैंट MLA परगट सिंह अर्बन एस्टेट फेज-2 में कचरे की समस्या पर नाराजगी जताते हुए।

जालंधर में सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म नहीं हो पाई है। सरकार से मीटिंग और पक्के करने की मांग को लेकर सफाई सेवकों ने 5 दिन से कचरा उठाने का काम बंद कर रखा है। इससे जालंधर की हर सड़क और गली-मोहल्लों के बाहर कचरा जमा हो गया है।

.

जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने सोमवार को अर्बन एस्टेट फेज-2 में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बरनाला में भी सरकार ने यही काम किया। सरकार वादे बड़े करती है, लेकिन काम कुछ नहीं करती।

परगट सिंह ने कहा कि यह कचरा सरकार की नालायकी और नाकामयाबी है। लो-वेजेस (कम वेतन) पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को सुनने के बजाय सरकार आम जनता और कर्मचारियों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बरनाला के बाद अब जालंधर में भी वही स्थिति पैदा कर दी गई है। शहर को 'स्मार्ट सिटी' बनाने का दावा करने वाली सरकार के इतने सालों बाद भी हालात बदतर बने हुए हैं।

हर महकमा हड़ताल पर, डीसी दफ्तर में होगी घेराबंदी

परगट सिंह ने कहा कि शहर में पूरी तरह से अराजकता का माहौल है। सिर्फ नगर निगम ही नहीं, बल्कि सिविल अस्पताल, बिजली और परिवहन जैसे कई विभागों के कर्मचारी धरने पर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेताओं और पार्षदों ने सुबह 11 बजे डीसी दफ्तर में होने वाली 'दिशा' (DISHA) की बैठक में स्थानीय सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है।

जालंधर की हर सड़क और गली-मोहल्लों के बाहर जमा कचरा।

जालंधर की हर सड़क और गली-मोहल्लों के बाहर जमा कचरा।

शहर के मॉडल टाउन से अर्बन स्टेट के हालात खराब

जालंधर स्मार्ट सिटी के अर्बन एस्टेट फेज-2 से लेकर मॉडल टाउन की सड़कों तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। फोर व्हीलर के टायरों से यह कचरा सड़कों पर बिखर रहा है। देवी तलाब रोड, दोआबा चौक और किशनपुरा चौक पर हालात ऐसे हैं कि कचरे के ढेर चौक के बीच में लग गए हैं।

बारिश का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया

शहर में हालात रविवार रात बारिश के बाद और बदतर हो गए। कचरे पर बारिश का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया। सोमवार को ग्राउंड पर हालात देखे गए तो कचरा सड़ना शुरू हो चुका था और इससे दुर्गंध फैल रही थी। लोगों को नाक पर हाथ या कपड़ा रखकर शहर से गुजरना पड़ रहा है।

आप नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन शुरू

रविवार को भाजपा के प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस नेताओं ने भी नगर निगम जालंधर, मेयर जालंधर और आप नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। अर्बन एस्टेट फेज-2 में कैंट विधायक परगट सिंह ने कचरे के ढेर लगने का विरोध किया। इससे पहले जालंधर सेंट्रल से पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी भी शहर में सफाई न होने का मुद्दा उठा चुके हैं।

श्रीराम चौक में कूड़े से स्लिप हुआ बाइक सवार।

श्रीराम चौक में कूड़े से स्लिप हुआ बाइक सवार।

टू व्हीलर वाले कचरे फिसल गिर रहे

जालंधर के पुराने बाजारों में भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं। श्रीराम चौक से लव-कुश चौक जाने वाले रास्ते के बीच में कचरा फेंका गया है। रविवार देर शाम यहां एक टू-व्हीलर सवार कचरे के कारण फिसलकर गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लगी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।