'मम्मी-पापा की आंखों में आंसू थे,' अजेय भारतीय MMA फाइटर ने करोड़पति बनाने वाले कॉन्ट्रैक्ट पर किया खुलासा

By Oneindia Staff

Time Published: Tuesday, September 1, 2026, 20:18 [IST]

मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती और कुछ ऐसा ही भारत के टॉप MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) फाइटर नाज़ारेथ लालथाज़ुआला ने भी सच कर दिखाया। करियर में अजेय रहने वाले यह फाइटर अब शनिवार, 5 सितंबर को अपनी अगली फाइट के लिए रिंग में उतरेंगे।

मिज़ोरम के इस धुरंधर का सामना ONE Championship के ONE Fight Night 47 इवेंट में अनुभवी अमेरिकी फाइटर गिल्बर्ट नाकाटानी से स्ट्रॉवेट MMA मुकाबले में होगा। "द नॉर्थस्टार" के उपनाम से मशहूर इस फाइटर ने संगठन में लगातार तीन धमाकेदार जीत हासिल कर मेन रोस्टर में जगह बनाने में सफलता पाई।

Nazareth Lalthazuala

करीब 95 लाख रूपयों के कॉन्ट्रैक्ट ने बदला जीवन

अपने प्रोफेशनल करियर में 25 वर्षीय फाइटर अभी तक 8 बार रिंग में उतरे और उन्होंने सभी विरोधियों पर जबरदस्त जीत हासिल की। लेकिन जून महीने में हुई आखिरी फाइट ने उनके करियर को बदलकर रख दिया।

ONE में अपनी तीसरी फाइट में प्रतिद्वंदी को पटखनी देकर उन्होंने संगठन के साथ 1,00,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 95 लाख) का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। इसके साथ-साथ उन्हें 10,000 यूएस डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस भी मिला और मैच फीस अलग। उस एक फाइट ने उन्हें करोड़पति बना दिया।

उन्होंने उस यादगार लम्हे के बारे में भावुक होकर बताया, "मैंने पूरी जिंदगी इस कॉन्ट्रैक्ट की आस लगाई थी। यह मेरी कल्पना से भी परे है। यह किसी सपने के जैसा लगता है। जब मेरे मम्मी-पापा ने कॉन्ट्रैक्ट जीतने की खबर सुनी तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे। मेरा परिवार मेरे लिए बहुत अधिक खुश था।"

नाज़ारेथ लालथाज़ुआला देश के युवा फाइटरों के लिए बने प्रेरणा

नॉर्थ ईस्ट में युवाओं को खेलों में खासी दिलचस्पी रहती है। वहां से ढेरों खिलाड़ी निकलकर आए हैं, जिन्होंने देश के लिए परचम लहराए हैं। MMA जैसे लगातार चर्चित हो रहे खेल में मिली इस अप्रत्याशित कामयाबी ने युवाओं को इसमें आने के लिए बहुत प्रेरित किया है।

लालथाज़ुआला ने बताया, "मैंने अपने लिए कुछ नहीं खरीदा। मैं पैसे बचा रहा हूं। मेरे कारण अब दूसरे राज्यों से लोग MMA फाइटर बनने आ रहे हैं। अब बच्चे भी मेरी वजह से MMA फाइटर बनना चाहते हैं। मैं इस बात से बहुत ज्यादा खुश हूं।"

  • Block for 8 hours

  • Block for 12 hours

  • Block for 24 hours

  • Don't block

Gender

Select your Gender

Age

Select your Age Range