MMDR संशोधन के खिलाफ झामुमो का राज्यभर में प्रदर्शन, 260 प्रखंड कार्यालयों पर दिया धरना

Ranchi News : खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR) के विरोध में झामुमो ने शनिवार को पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के 260 प्रखंड कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर संशोधन कानून वापस लेने की मांग की.

इसे भी पढ़ें...

Special Report- झारखंड के सरकारी स्कूलः Teacher ON-Student OFF
सिर्फ चार साल में ही कोयला व्यापारी एलबी सिंह लखपति से हो गये करोड़पति

रांची जिले के कई प्रखंडों में भी झामुमो ने प्रदर्शन किया. तमाड़ में विधायक विकास सिंह मुंडा और सिल्ली में विधायक अमित कुमार महतो ने धरने का नेतृत्व किया. मांडर में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी प्रदर्शन में शामिल हुईं. चान्हो में रांची जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम ने कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया. नामकुम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य अंतु तिर्की ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया.

Uploaded Image

प्रदर्शन

नामकुम में अंतु तिर्की ने कहा कि केंद्र सरकार के MMDR कानून में किए गए बदलाव से झारखंड को आर्थिक नुकसान हो सकता है. उन्होंने कहा कि खनिज से मिलने वाले राजस्व का असर राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है. झामुमो इस कानून के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो आर्थिक नाकेबंदी भी की जाएगी.

पेटरवार में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने संभाला मोर्चा

बोकारो के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में भी MMDR संशोधन के खिलाफ धरना दिया गया. यहां मंत्री योगेंद्र प्रसाद और पूर्व विधायक बबीता देवी शामिल हुईं. योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि झारखंड की जमीन और खनिज संपदा पर राज्य का अधिकार है. उन्होंने कहा कि खनिज से मिलने वाले सेस और राजस्व में झारखंड को उचित हिस्सा मिलना चाहिए.

मंत्री ने कहा कि यह मामला सिर्फ खनिज तक सीमित नहीं है. जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से भी इसका संबंध है. उन्होंने कहा कि झामुमो इन अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा.

कोडरमा के सभी 6 प्रखंडों में प्रदर्शन

कोडरमा जिले के सभी 6 प्रखंडों में भी झामुमो ने धरना दिया. सदर प्रखंड में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ. इसमें पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता भी शामिल हुईं. वीरेंद्र पांडे ने कहा कि पार्टी की मांग है कि MMDR संशोधन वापस लिया जाए. मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को जिला और राज्य स्तर पर और बड़ा किया जाएगा.

धनबाद में महिलाओं ने भी लिया हिस्सा

धनबाद के निरसा प्रखंड कार्यालय के सामने झामुमो कार्यकर्ताओं ने धरना दिया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और MMDR संशोधन वापस लेने की मांग की. महिलाओं ने पार्टी के झंडे लेकर प्रदर्शन किया.

पाकुड़ के सभी प्रखंडों में भी विरोध

पाकुड़ जिले में भी झामुमो ने सभी प्रखंड कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किया. महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा और हिरणपुर में भी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया. जिला मुख्यालय में प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने किया.

अजीजुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इस कानून से झारखंड के हित प्रभावित होंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी. प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव, मो. मुस्लिउद्दीन शेख, हबीबुर रहमान, इस्माइल शेख और प्रकाश सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.