Moga: 15 अगस्त को DC सागर सेतिया फहराएंगे राष्ट्रीय तिरंगा, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
August 14, 2026

मोगा: 15 अगस्त को अनाज मंडी मोगा में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल करवाई गई। इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह ने रिहर्सल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह में डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर राष्ट्रीय तिरंगा फहराएंगे।
इस दौरान एसएसपी सरताज सिंह चहल भी मौजूद रहे।अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसपिंदर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और सम्मान का राष्ट्रीय पर्व है। देश की आजादी के लिए महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों द्वारा दी गई कुर्बानियों को याद करते हुए यह पर्व पूरे उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जसपिंदर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट के दौरान सलामी ली। रिहर्सल में पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, डीएम कॉलेज मोगा, एनसीसी कैडेट्स तथा बैंड ने भाग लिया। विभिन्न टुकड़ियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ शानदार परेड प्रस्तुत की। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम और पीटी शो प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली।
प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। रिहर्सल के बाद अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता दिवस समारोह के प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी लगन, आपसी तालमेल और जिम्मेदारी की भावना से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को तुरंत दूर किया जाए और मुख्य समारोह से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पीने के पानी, बैठने, बिजली, सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और मेडिकल सुविधाओं सहित सभी आवश्यक प्रबंधों को सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता तथा संबंधित विभागों को साफ-सफाई एवं अन्य जरूरी प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
📍 Location: मोगा