MP के स्कूल का अजीब फरमान, एक दिन पढ़ेंगे लड़के, अगले दिन लड़कियां... ऐसा क्यों?

उदयपुरा स्थित सांदीपनि विद्यालय.
Raisen News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से सरकारी शिक्षा व्यवस्था के ढुलमुल रवैये और अव्यवस्था की एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. उदयपुरा स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय में जब स्कूल बसों का अकाल पड़ा, तो स्कूल प्रबंधन ने अपनी नाकामी छुपाने के लिए पढ़ाई का एक नया ‘अल्टरनेट डे’ फॉर्मूला तैयार कर लिया. स्कूल प्राचार्य द्वारा जारी फरमान के मुताबिक, अब इस विद्यालय में एक दिन छात्र पढ़ेंगे और अगले दिन छात्राएं. यानी डिजिटल इंडिया और ‘स्मार्ट क्लास’ के इस दौर में बच्चों के शिक्षा के अधिकार और स्कूल जाने की राह बसों की गिनती तय कर रही है.
उदयपुरा स्थित सांदीपनि विद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र में करीब 2,800 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन लिया है. दूर-दराज के गांवों से आने वाले लगभग 1,700 विद्यार्थियों ने स्कूल बस सुविधा की मांग की थी. नियमों के मुताबिक एक बस में सुरक्षित रूप से 55 से 60 बच्चों को ही बैठाया जा सकता है. इस हिसाब से स्कूल की 16 बसों में बमुश्किल 1,000 बच्चे ही सफर कर सकते हैं.
बाकी बचे 700 बच्चों के लिए अतिरिक्त बसों का बंदोबस्त करने के बजाय विद्यालय की प्राचार्य वंदना मिश्रा ने एक सूचना पत्र जारी कर दिया. आदेश दिया गया कि बस की कमी के कारण अब छात्र और छात्राएं बारी-बारी से एक-एक दिन छोड़कर ही स्कूल आएंगे.

ये भी पढ़ें: बहू से इतनी नफरत सास ने नौकरानी को दे दी कत्ल की सुपारी, दिल दहला देगी मुंबई की ये खौफनाक मर्डर स्टोरी
सोमवार को पढ़ेंगे लड़के, मंगलवार को लड़कियां
स्कूल प्रशासन का कहना है कि यदि कोई छात्र अपने निजी साधन या खुद के खर्च से रोजाना स्कूल आना चाहे तो आ सकता है. लेकिन जो बच्चे पूरी तरह सरकारी वादों और व्यवस्था पर आश्रित हैं, उन्हें इस नए अकादमिक पैटर्न को मानना होगा. इस व्यवस्था के तहत जो पाठ सोमवार को लड़कों को पढ़ाया जाता है, वही पाठ मंगलवार को लड़कियों के लिए दोहराया जाता है. इस वजह से सरकारी बसों पर निर्भर रहने वाले बच्चे हफ्ते में महज तीन दिन ही स्कूल की चौखट देख पा रहे हैं.

दीपक कांकर
मध्य प्रदेश में रायसेन के रहने वाले दीपक कांकर टीवी9 के संवाददाता हैं. बीए, एलएलबी की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 1985 में पत्रकारिता में कदम रखा. उन्होंने नई दुनिया से शुरुआत की और 1985 से 2002 तक यहां इंदौर के जिला संवाददाता के रूप में काम किया. इसके अतिरिक्त दैनिक सांची परिक्रमा के संपादक भी रहे. उन्होंने वर्ष 2007 से 2024 तक प्रसार भारती (आकाशवाणी/दूरदर्शन न्यूज़) में जिला संवाददाता के रूप में भी कार्य किया. उन्होंने न्यूज़ नेशन एवं न्यूज़ स्टेट मध्य प्रदेश/छत्तीसगढ़ के संवाददाता के रूप में भी काम किया. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 41 वर्षों का अनुभव है.
Read More