MP: चिकन के रेट को लेकर खूनी खेल, छात्र को लाठियों से पीटा और नाले में फेंका; दुकानदार समेत 4 हिरासत में
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में चिकन के रेट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया. गोराबाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी में डी-मार्ट के पास एक चिकन दुकान पर कीमत को लेकर हुई कहासुनी के बाद छात्र अर्जुन सिंह के साथ मारपीट की गई. आरोप है कि दुकानदार सिकंदर और उसके साथियों ने छात्र को लाठियों से बुरी तरह पीटा और गंभीर हालत में उसे खंदारी नाले में फेंक दिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सिकंदर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है. मामले की जांच जारी है.
बताया गया कि अर्जुन सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और जबलपुर के पिंक सिटी बिलहरी में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. उसका 33 वर्षीय जीजा रूपेंद्र सिंह भारतीय सेना में नायक के पद पर तैनात है और 33वीं आर्मर्ड कोर, हिसार में कार्यरत है. वह 28 अगस्त को 27 दिन की छुट्टी पर जबलपुर आया था.
काफी समय बाद जीजा-साले की मुलाकात हुई थी. दोनों ने साथ में चिकन पार्टी करने की योजना बनाई और खंदारी नाले के पास सिकंदर की दुकान पर चिकन खरीदने पहुंचे. यहीं चिकन के रेट को लेकर अर्जुन और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई.
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, रेट को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई. आरोप है कि दुकानदार सिकंदर ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया. इसके बाद अर्जुन और उसके जीजा को घेर लिया गया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों से अर्जुन के साथ मारपीट शुरू कर दी. उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपियों पर अर्जुन को खंदारी नाले के पुल तक ले जाकर नाले में फेंकने का आरोप है.
पुलिस ने नाले से निकाला
घटना की सूचना मिलते ही गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने नाले में पड़े अर्जुन को बाहर निकाला. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
दुकानदार समेत चार हिरासत में
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सिकंदर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चिकन के रेट को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह हिंसक झड़प में बदला और नाले में फेंके जाने की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.

शिव चौबे
शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.
Read More