MP Air Connectivity: CM मोहन यादव ने 4 नई फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी, पटना-कोलकाता से सीधे जुड़ा मध्यप्रदेश - Haribhoomi

मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से चार नई फ्लाइट सेवाओं का शुभारंभ किया। भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू हुई है।

MP New Flights

CM मोहन यादव ने 4 नई फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी

  • Published: 10 Aug 2026, 10:04 AM IST
  • Last Updated: 10 Aug 2026, 10:04 AM IST

भोपाल: मध्यप्रदेश की एयर कनेक्टिविटी को रविवार को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अगस्त को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से चार नई फ्लाइट सेवाओं का शुभारंभ किया। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई सेवाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास भी दिए।

अब पटना और कोलकाता की सीधी कनेक्टिविटी
नई उड़ानों से भोपाल सीधे पटना से जुड़ गया है। वहीं रीवा और जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का पूर्वी भारत से संपर्क मजबूत होगा। भोपाल-रीवा फ्लाइट से राजधानी और विंध्य के बीच यात्रा का समय भी कम होगा।
सरकार का कहना है कि सीधी उड़ानों से यात्रियों को समय की बचत होगी और व्यापार, पर्यटन, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

mohan

सीएम बोले- एयर कनेक्टिविटी को लगातार बढ़ा रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में विमानन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एयर कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नए एयरपोर्ट और नए हवाई मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। सीएम के मुताबिक, पिछले कुछ समय में इंदौर से अबू धाबी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हुई है, जबकि आने वाले समय में भोपाल से शारजाह की सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश के लोगों को हर काम के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू की गई है। जहां हवाई पट्टी उपलब्ध है, वहां विमान और अन्य स्थानों पर हेलीकॉप्टर के जरिए मरीजों को इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

केंद्रीय मंत्री बोले- एमपी की एविएशन पॉलिसी बेहतर
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने नई उड़ानों के शुभारंभ को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना के जरिए देश के छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने मध्यप्रदेश की नई एविएशन पॉलिसी की तारीफ करते हुए इसे देश की बेहतर नीतियों में शामिल बताया। मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश में विमानन क्षेत्र का और विस्तार होगा।

हर राउंड ट्रिप पर ₹10 लाख तक VGF
इन चारों फ्लाइट का संचालन अलायन्स एयर करेगी। मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत राज्य सरकार एयरलाइन को वित्तीय सहायता देगी। हर राउंड ट्रिप पर सरकार की ओर से ₹10 लाख तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराई जाएगी। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा और विंध्य क्षेत्र के लिए सीधी हवाई सेवा लंबे समय से जरूरत थी। एयर कनेक्टिविटी अब लग्जरी नहीं, बल्कि विकास की जरूरत बन चुकी है।