दीपेंद्र के पक्ष में कांग्रेस MP का कुलदीप पर वार: बोले-हार का रिकॉर्ड बनाने वाले को हुड्डा ने MLA बनाया; पतरा देख रहे थे, अब कोस रहे - Gohana News
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि हुड्डा ने उनको गन्नौर से विधायक बनवाया।
सिख दंगों के दोषी सज्जन कुमार के निधन पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान के बाद शुरू हुई कलह अब वार-पलटवार में बदल गई है। पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा द्वारा दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) से हटाने की मांग पर सोनीपत के कांग्रेस
.
सांसद ने कहा- भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में 'नंबर दो' की हैसियत का मजा लेने वाले नेता आज राजनीतिक पंचांग देख रहे हैं। जो कल तक पंचांग और पत्रा देख रहे थे, वे आज भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा में कमियां निकाल रहे हैं।
ब्रह्मचारी ने दावा किया कि पूरे देश में दीपेंद्र हुड्डा अकेले ऐसे युवा नेता हैं जो 36 बिरादरी, किसानों, मजदूरों और युवाओं के रोजगार के लिए लगातार जमीन पर काम कर रहे हैं। सांसद ने यहां तक कहा कि एक समय कुलदीप ने लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड वोटों से हार झेली थी, वो हुड्डा की वजह से ही विधायक बने।

सांसद सतपाल ब्रह्मचारी पत्रकारों से बातचीत में कुलदीप शर्मा पर भड़क गए।
पारिवारिक विरासत का हवाला देकर घेरा
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कुलदीप शर्मा के परिवार के अतीत का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि लगभग 100 साल पहले उनके दादाजी ने पंजाब जाकर सिखों के हक के लिए लड़ाई लड़ी थी। उनके परदादा, दादा और पिता ने हमेशा सिख समाज के मान-सम्मान का समर्थन किया। यहां तक कि कुलदीप शर्मा के आवास के आसपास सिख परिवार रहते हैं, लेकिन आज वे राजनीतिक स्वार्थ में आकर इस विरासत को भूल रहे हैं।
हुड्डा साहब की बदौलत मिला राजनीतिक वजूद
सांसद ब्रह्मचारी ने कहा कि कुलदीप शर्मा को घर से लाकर सांसद का चुनाव लड़ाया गया, जहां हार का रिकॉर्ड बनने के बावजूद हुड्डा ने उन्हें गन्नौर से विधायक बनवाया और सत्ता में बड़ा स्थान दिया। कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि रोहतक, सोनीपत, जींद और करनाल जैसे इलाकों में बिना भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सहयोग के कोई राजनीतिक पहचान या जीत हासिल नहीं कर सकता।

पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा को CWC से हटाने की मांग की।
सज्जन कुमार संग रिश्तों पर दोहरे मापदंड का आरोप
सांसद ब्रह्मचारी ने पूर्व स्पीकर को आड़े हाथों लेते हुए सज्जन कुमार से उनके पुरानी नजदीकियों की याद दिलाई कि 2002 में सीबीआई की रिपोर्ट आने के बाद भी 2011 में कुलदीप शर्मा ने अपने पारिवारिक समारोह में सज्जन कुमार को आमंत्रित किया था।
सरकारी आवास पर सम्मान
कुलदीप शर्मा ने सज्जन कुमार को अपने सरकारी आवास पर ठहराया, हजारों लोगों के सामने पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया और उन्हें 'सब कुछ' बताया। सांसद ने स्पष्ट कहा कि जो लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके नाम पर बयानबाजी करना और दीपेंद्र हुड्डा को निशाना बनाना भारतीय संस्कृति और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है।