MP News: इंदौर से सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत, 50 लाख संपत्तियों की होगी मुफ्त रजिस्ट्री: नितिन नवीन

By Oneindia Staff

Time Published: Thursday, September 17, 2026, 18:31 [IST]

भोपाल/इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश के इंदौर से भारतीय जनता पार्टी के 'सेवा-संकल्प अभियान' की शुरुआत की गई। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 सितंबर को अभियान का शुभारंभ किया। इसी मौके पर 'स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026' योजना के तहत 50 लाख संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

Free property registration in MP

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इंदौर में रोड शो में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्वामित्व योजना के रूप में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में करीब 68 लाख भूखंडों का सर्वे किया गया है और अब 50 लाख लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से उनके संपत्ति अधिकार दिलाने की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि संपत्ति की रजिस्ट्री केवल दस्तावेज नहीं है, बल्कि ग्रामीण आबादी को अपनी संपत्ति पर अधिकार और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अवसर देती है। उनके मुताबिक लंबे समय से गांवों में रहने वाले लोगों के पास अपनी जमीन और आवास का स्पष्ट मालिकाना हक नहीं था। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वामित्व योजना लागू की, जिसके परिणाम अब मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहे हैं। राज्य सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

सेवा-संकल्प अभियान पर बोले नितिन नवीन

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा-संकल्प अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

नितिन नवीन ने दावा किया कि देश के करीब 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त अनाज पहुंचाया जा रहा है और कोरोना महामारी के दौरान 200 करोड़ से अधिक मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि गरीबों के बैंक खाते खोलने से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिलने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों से सेवा और समर्पण के भाव से देश की सेवा की है। नितिन नवीन ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी से भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत हुई है। उनके अनुसार करीब 35-36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है।

पीएम मोदी की योजनाओं का किया जिक्र

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हर योजना में अंत्योदय की भावना को प्राथमिकता दी है। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना, स्वस्थ नारी शक्ति परिवार योजना, स्टार्टअप और मुद्रा योजना का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में स्टार्टअप आगे बढ़ रहे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भूमिका का भी उल्लेख किया। नितिन नवीन ने कहा कि देश में महिला नेतृत्व वाले विकास पर जोर दिया जा रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं।

विकसित भारत @2047 का लक्ष्य

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत @2047 का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक के जीवन में आर्थिक और सामाजिक प्रगति आए।

उन्होंने सीमावर्ती गांवों के विकास और सैनिकों के सम्मान को लेकर भी सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। उनके मुताबिक केंद्र सरकार की योजनाओं में गरीब और जरूरतमंद वर्ग को केंद्र में रखा गया है।

पीएम मोदी ने दुनिया को दिखाई भारत की ताकत: मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मध्य प्रदेश आगमन का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को भारत की ताकत से परिचित कराया है। उन्होंने हालिया ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान रूस और चीन समेत विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी आत्मीयता देखने को मिली। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रहे हैं।

23 हजार से ज्यादा गांवों में चलेगा रजिस्ट्री अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी को उनकी संपत्ति का अधिकार मिलेगा। मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक महीने तक अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति हर परिवार के लिए महत्वपूर्ण होती है और संपत्ति का अधिकार मिलने से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षा और स्वाभिमान मिलेगा।

लाड़ली बहनों के खातों में 55 हजार करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने लाड़ली बहनों के खातों में अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने पर वीजीएफ के माध्यम से हर महीने 5,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ देने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छोटे कामगारों के साथ खड़ी है और भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर श्रमिकों और कारीगरों के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार जानापाव सहित उन सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है, जहां भगवान कृष्ण के चरण पड़े हैं।