MP Teachers School Allotment: वर्ग-3 के 7 हजार टीचर्स की शाला आवंटन प्रक्रिया 31 अगस्त से, हफ्तेभर में करना होगा जॉइन
MP Varg-3 Teachers School Allotment: मध्यप्रदेश में वर्ग-3 के करीब 7 हजार सिलेक्ट टीचर्स की स्कूल आवंटन प्रक्रिया सोमवार, 31 अगस्त से शुरू होगी। 400 टीचर्स को म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा देने के बाद अब डीपीआई पोस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।
शाला आवंटन के बाद चयनित शिक्षकों को एक हफ्ते में संबंधित स्कूलों में जॉइन करना होगा। इसी दिन वर्ग-2 के चयनित शिक्षकों के लिए वेटिंग काउंसलिंग का दूसरा चरण भी शुरू किया जाएगा।
400 शिक्षकों का म्यूचुअल ट्रांसफर
लोक शिक्षण आयुक्त (DPI) कार्यालय ने शाला आवंटन की प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग का कहना है कि शिक्षकों की पदस्थापना होने के बाद स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
चयनित शिक्षकों को म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने बताया कि वर्ग-3 के शिक्षकों की पोस्टिंग 15 अगस्त तक करने की तैयारी थी। हालांकि, चयनित शिक्षकों के सामने पदस्थापना स्थल को लेकर गतिरोध की स्थिति सामने आई थी, इसके बाद विभाग ने पहली बार चयनित शिक्षकों को म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा दी थी।
31 अगस्त से शाला आवंटन
इसके तहत शिक्षकों को आपस में संपर्क कर ट्रांसफर के लिए आवेदन करने का अवसर दिया था। करीब 400 चयनित शिक्षकों ने इस सुविधा का लाभ लिया। इस प्रक्रिया के कारण शाला आवंटन में कुछ देरी हुई, लेकिन अब सोमवार से आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
हफ्तेभर में करना होगा जॉइन
आयुक्त के मुताबिक वर्ग-3 में करीब 7 हजार शिक्षकों की पदस्थापना की जाएगी। शाला आवंटन के बाद चयनित शिक्षकों को संबंधित स्कूल में जॉइनिंग के लिए एक हफ्ते का टाइम दिया जाएगा। इससे सरकारी स्कूलों में लंबे समय से बनी शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी।
वर्ग-2 की वेटिंग काउंसलिंग भी 31 अगस्त से
स्कूल शिक्षा विभाग वर्ग-2 के चयनित शिक्षकों के लिए वेटिंग काउंसलिंग का दूसरा चरण भी सोमवार,31 अगस्त से शुरू करेगा। इसमें प्रतीक्षा सूची में शामिल कैंडिडेट्स को रिक्त पदों के अनुसार स्कूल आवंटित किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार वर्ग-3 के चयनित शिक्षकों की जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस कैटेगरी में भी वेटिंग काउंसलिंग जल्द शुरू की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें: TET Protest Delhi: टीईटी की अनिवार्यता के खिलाफ दिल्ली में धरना, MP में 7000 शिक्षकों को जाने से रोका, श्योपुर में रात में नारेबाजी
वर्ग-1 के टीचर्स की पोस्टिंग कोर्ट के फैसले के बाद
आयुक्त अभिषेक सिंह ने बताया कि वर्ग-1 के चयनित शिक्षकों की पोस्टिंग का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। इस मामले में सितंबर के पहले हफ्ते में फैसला आने की संभावना है। कोर्ट के फैसले के बाद वर्ग-1 के शिक्षकों की रुकी हुई पदस्थापना प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें:Bhopal Manit: भोपाल मैनिट का असिस्टेंट प्रोफेसर छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, बंदूक दिखाकर धमकाने का भी केस