MP Weather: मध्यप्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उमरिया बांध के 5 गेट खुले; भोपाल में दिनभर रिमझिम - Haribhoomi
मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। उमरिया में बढ़ते जलस्तर के कारण जोहिला बांध के पांच गेट खोल दिए गए हैं। मंडला में नर्मदा नदी चेतावनी स्तर के पार पहुंच गई है। बालाघाट में सवा दो इंच औसत बारिश दर्ज हुई, जबकि बिरसा में साढ़े तीन इंच तक पानी गिरा।
मध्यप्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून,
- Published: 10 Aug 2026, 09:52 AM IST
- Last Updated: 10 Aug 2026, 09:52 AM IST
भोपाल: मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और बांधों में पानी की आवक बढ़ गई है। उमरिया में जोहिला बांध के पांच गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। वहीं मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया। राजधानी भोपाल में सुबह तेज बारिश के बाद दिनभर रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं।
उमरिया में जोहिला बांध के 5 गेट खोले
उमरिया में लगातार बारिश के कारण जोहिला बांध का जलस्तर बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए बांध के पांच गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। प्रशासन और संबंधित विभाग जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
मंडला में नर्मदा चेतावनी स्तर के पार
मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार सुबह 9 बजे नदी का जलस्तर करीब 435 मीटर दर्ज किया गया था, जो शाम 4 बजे तक बढ़कर 437.6 मीटर पहुंच गया। इसके साथ ही नदी चेतावनी स्तर को पार कर गई। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई नदी-नाले भी उफान पर हैं।
बालाघाट में सवा दो इंच बारिश
बालाघाट जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान औसतन सवा दो इंच बारिश दर्ज की गई। बिरसा तहसील में सबसे ज्यादा करीब साढ़े तीन इंच पानी बरसा। जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। अब तक यहां करीब 29 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
विदिशा के पठारी क्षेत्र में भी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। पठारी-छपारा मार्ग पर रहटी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
भोपाल में सुबह तेज बारिश, दिनभर रिमझिम
राजधानी भोपाल में रविवार सुबह तेज बारिश हुई। इसके बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया, रीवा और सीधी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, हरदा, बैतूल, विदिशा, सिंगरौली समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, सीहोर, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, मंदसौर और रतलाम समेत कई जिलों में भी शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ऊपर मानसून द्रोणिका सक्रिय है। पश्चिम बंगाल के आसपास बने मौसम तंत्र के असर से आने वाले दिनों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। हालांकि 1 जून से 9 अगस्त तक प्रदेश में बारिश दीर्घावधि औसत से 19 प्रतिशत कम है।