चेहरे का ग्लो बढ़ाने के लिए मुल्तानी मिट्टी लगाते हैं? इस तरीके से करें यूज, वरना स्किन हो सकती है ड्राई - Haribhoomi
Multani Mitti Uses: चेहरे का ग्लो बढ़ाने के लिए मुल्तानी मिट्टी लगाते हैं? इस तरीके से करें यूज, वरना स्किन हो सकती है ड्राई
Multani Mitti Uses: मुल्तानी मिट्टी का सदियों से चेहरे का ग्लो बढ़ाने में इस्तेमाल किया जाता रहा है। हालांकि इसका सही तरीके से यूज जरूरी है।
चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने का सही तरीका।
- Published: 15 Sep 2026, 09:59 AM IST
- Last Updated: 15 Sep 2026, 09:59 AM IST
Multani Mitti Uses: चेहरे की अतिरिक्त ऑयलनेस और चिपचिपाहट से परेशान लोग अक्सर मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। यह त्वचा को कुछ समय के लिए साफ, फ्रेश और मैट लुक देने में मदद कर सकती है। यही वजह है कि घरेलू स्किन केयर में मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है।
लेकिन हर बार चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाना या इसे त्वचा पर पूरी तरह सूखने तक छोड़ देना सही तरीका नहीं है। जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल त्वचा की नमी कम कर सकता है, जिससे ड्राईनेस, खिंचाव और जलन महसूस हो सकती है। लंबे समय तक त्वचा में नमी की कमी रहने पर महीन रेखाएं और झुर्रियां ज्यादा नजर आ सकती हैं। इसलिए ग्लो पाने के लिए मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल सही तरीके से करना जरूरी है।
ऑयली स्किन वालों के लिए हो सकती है फायदेमंद
मुल्तानी मिट्टी ऑयली त्वचा पर अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाने में मदद कर सकती है। इससे चेहरा कुछ समय के लिए साफ और कम ऑयली दिखाई देता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि इसे रोजाना चेहरे पर लगाया जाए। त्वचा की जरूरत के हिसाब से ही इसका इस्तेमाल करना बेहतर है।
पूरी तरह सूखने तक न छोड़ें
मुल्तानी मिट्टी लगाने की सबसे आम गलती है इसे चेहरे पर तब तक छोड़ना, जब तक यह पूरी तरह सूखकर खिंचने न लगे। इससे त्वचा में रूखापन और खिंचाव बढ़ सकता है। खासकर ड्राई या संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को इस तरीके से बचना चाहिए।
मुल्तानी मिट्टी को चेहरे पर लगाकर हल्का सूखने दें और बहुत ज्यादा खिंचाव महसूस होने से पहले सामान्य पानी से धो लें। चेहरे को रगड़कर साफ करने से भी बचें।
मुल्तानी मिट्टी में मिलाएं मॉइश्चराइजिंग चीज
अगर त्वचा रूखी या सामान्य है तो मुल्तानी मिट्टी को अकेले लगाने के बजाय इसमें त्वचा के अनुकूल मॉइस्चराइजिंग सामग्री मिलाई जा सकती है। जैसे दही या एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जा सकता है, बशर्ते इनसे आपको पहले से कोई एलर्जी या जलन न होती हो।
ऑयली स्किन के लिए भी बहुत ज्यादा मात्रा में मुल्तानी मिट्टी लगाने के बजाय पतली परत लगाना बेहतर है।
लगाने के बाद मॉइश्चराइजर जरूरी
मुल्तानी मिट्टी धोने के बाद चेहरे को धीरे से सुखाएं और अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। यह कदम खास तौर पर उन लोगों के लिए जरूरी है जिनकी त्वचा जल्दी ड्राई हो जाती है। दिन में बाहर निकलना हो तो सनस्क्रीन लगाना भी न भूलें।
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए?
बहुत ड्राई, संवेदनशील या पहले से जलन वाली त्वचा पर मुल्तानी मिट्टी परेशानी बढ़ा सकती है। चेहरे पर सक्रिय रैश, कट या संक्रमण हो तो घरेलू फेस पैक लगाने से बचें। पहली बार इस्तेमाल करने पर छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करना भी बेहतर है।
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ/डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)