भारत ने NAM चेयरशिप के लिए उज्बेकिस्तान को दिया समर्थन, जयशंकर बोले- आतंकवाद पर दोनों की 'जीरो टॉलरेंस' नीति
देश
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Aug 3, 2026, 10:39 PM IST
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव बख्तियार ओडिलोविच के साथ बैठक की। इस दौरान एस जयशंकर ने कहा कि हम उज्बेकिस्तान को अपने विस्तारित पड़ोस का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं।
![]()
एस जयशंकर। (फोटो- ANI)
भारत और उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को नई दिल्ली में उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव बख्तियार ओडिलोविच और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान 2027-29 के लिए गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) की अध्यक्षता के लिए भारत का समर्थन दोहराया। साथ ही उन्होंने ब्रिक्स गतिविधियों में साझेदार देश के रूप में उज्बेकिस्तान के सहयोग की सराहना की।
बैठक में जयशंकर ने कहा कि भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इस दौरान उज्बेकिस्तान ने सभी पहलों में रचनात्मक सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से उज्बेकिस्तान की आगामी NAM अध्यक्षता के लिए पूरा समर्थन रहेगा।
आतंकवाद पर दोनों देशों का साझा रुख
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान विकासशील देशों के रूप में कई वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर समान सोच रखते हैं। उन्होंने विशेष रूप से आतंकवाद, उग्रवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दोनों देशों के सहयोग का उल्लेख किया। जयशंकर ने कहा कि भारत उज्बेकिस्तान के आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की सराहना करता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद और आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया। जयशंकर ने खनन क्षेत्र, विशेषकर रेयर अर्थ मिनरल्स, को भविष्य की साझेदारी का अहम क्षेत्र बताया।
खनन और रेयर अर्थ मिनरल्स पर बढ़ेगा सहयोग
इससे पहले सोमवार को उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की थी। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच खनन,कृषि,फार्मास्युटिकल्स,सूचना प्रौद्योगिकी और रेयर अर्थ मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने दोनों देशों के बीच शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि अब तक 3,000 से अधिक उज्बेक अधिकारी, पेशेवर और छात्र भारत के ITEC प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति कार्यक्रमों का लाभ उठा चुके हैं, जबकि 16,000 से अधिक भारतीय छात्र फिलहाल उज्बेकिस्तान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। बैठक के अंत में दोनों देशों ने मध्य एशिया में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने तथा व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
![]()
शिव शुक्लाauthor
शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article