Nasha Mukt Yuva: नशे के खिलाफ देशव्यापी जंग, CM विष्णु देव साय की उपस्थिति में रायपुर से गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।

रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शनिवार से देशभर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो गई। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा जताया।

पीएम मोदी का युवाओं से आह्वान, नशे से दूर रहकर देश निर्माण में दें योगदान

नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम के जरिए देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस 100 सप्ताह तक चलने वाले जन-जागरूकता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सही दिशा में उपयोग करें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाएं और अपने परिवार, दोस्तों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

लोक भवन में युवाओं ने देखा प्रधानमंत्री का संबोधन, ली नशामुक्ति की शपथ

रायपुर के लोक भवन में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। इस दौरान युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।

स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और प्रतियोगिताएं

‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत युवा संगठन और अन्य युवा संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने पर रहेगा फोकस

अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की योजना है, ताकि इसे जनभागीदारी का एक व्यापक आंदोलन बनाया जा सके।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।