चंडीगढ़ NDPS कोर्ट का बड़ा फैसला: अंतरराज्यीय चरस तस्करी मामले में 3 दोषी, मिली कड़ी सजा

चंडीगढ़ NDPS कोर्ट का बड़ा फैसला: अंतरराज्यीय चरस तस्करी मामले में 3 दोषी, मिली कड़ी सजा

चरस तस्करी मामले में 3 दोषियों को कड़ी सजा

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने एक अंतरराज्यीय चरस तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराने में सफलता हासिल की है. चंडीगढ़ की एक विशेष NDPS कोर्ट ने जोगिंदर सिंह, अनिल कुमार और राज कुमार उर्फ राजू को दोषी करार दिया है.

यह मामला 18 दिसंबर, 2018 का है. NCB की एक टीम ने हिमाचल प्रदेश-चंडीगढ़ सीमा पर खुदा लाहोरा पुल के पास एक हुंडई वरना कार को रोका और उसकी तलाशी ली. गाड़ी से 16.5 किलोग्राम चरस बरामद की गई. मौके पर ही जोगिंदर सिंह निवासी कुल्लू, हिमाचल प्रदेश और अनिल कुमार निवासी मंडी को गिरफ्तार कर लिया गया.

जांच के दौरान, NCB ने इस तस्करी नेटवर्क में कुल्लू के रहने वाले राज कुमार उर्फ राजू की भूमिका का पता लगाया. जांच से पता चला कि तीनों आरोपी मिलकर मुंबई, गोवा, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों में चरस की सप्लाई करते थे. जब्त की गई 16.5 किलोग्राम चरस शुरू में मुंबई भेजी जानी थी, जहां से इसे दूसरे शहरों में बांटा जाना था.

NDPS एक्ट, 1985 के तहत एक्शन

राज कुमार उर्फ राजू को 20 दिसंबर, 2018 को गिरफ्तार किया गया. भुंतर में उसके घर से 80 ग्राम और चरस बरामद की गई. NCB ने 12 जून, 2019 को चंडीगढ़ की विशेष NDPS अदालत में NDPS एक्ट, 1985 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की.

कोर्ट ने सुनाई सजा

चंडीगढ़ की विशेष NDPS कोर्ट ने 15 सितंबर 2026 को तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया. अब इन आरोपियों को सजा सुनाई गई है. इनमें आरोपी जोगिंदर सिंह को 12 साल की जेल और 1 लाख रुपये जुर्माना,अनिल कुमार को 12 साल की जेल और 1 लाख रुपये जुर्माना और राज कुमार उर्फ राजू को 1 साल की जेल और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है.

NCB ने लोगों से की अपील

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कहा कि नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए जांच और अभियोजन की कार्रवाई जारी रहेगी. आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मानस राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की गई है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button