तंगहाली भी नहीं रोक सकी रास्ता! मजदूरी कर के क्रैक की NEET परीक्षा, दिल छू लेगी सूरज की कहानी
Published: Monday, July 20, 2026, 15:15 [IST]
NEET UG 2026 Suraj Saini Success Story: सफलता केवल अच्छे संसाधनों से नहीं, बल्कि मजबूत इरादों, कड़ी और निरंतर मेहनत से हासिल होती है। राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले सूरज सैनी ने यह बात अपनी उपलब्धि से साबित कर दी है। आर्थिक तंगी, पारिवारिक परेशानियों और मजदूरी के बीच पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने NEET UG 2026 में 583 अंक हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की है। सूरज को 99.16 परसेंटाइल मिला है।
सूरज के पिता घरों में पेंटिंग का काम करते हैं, जबकि खुद सूरज भी पढ़ाई के साथ-साथ सफेदी और पुताई का काम कर परिवार की मदद करते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने डॉक्टर बनने के सपने को कभी नहीं छोड़ा। उनकी सफलता अब उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो मुश्किल हालात में भी अपने लक्ष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कौन हैं सूरज? सरकारी स्कूल से की है पढ़ाई
सूरज सैनी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से पूरी की। उन्होंने 10वीं में 87 प्रतिशत और 12वीं में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पढ़ाई में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने मेडिकल की तैयारी शुरू की और NEET UG 2026 में 583 अंक प्राप्त किए। सूरज का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनके पिता परिवार से अलग रहते हैं। ऐसे में घर के खर्च में मदद करने के लिए सूरज ने मकानों में पेंटिंग और पुताई का काम सीखा। स्कूल की छुट्टियों, रविवार और खाली समय में वह मजदूरी कर कुछ पैसे जुटाते थे। बाकी समय पढ़ाई को देते थे।
ये भी पढ़ें: सहरसा के एक ही घर से निकलेंगे 3 डॉक्टर! किराना दुकानदार के बच्चों ने NEET UG 2026 में रचा इतिहास
मौसी से मिली डॉक्टर बनने की प्रेरणा
सूरज की मौसी ANM नर्स हैं। उन्हें देखकर ही सूरज के मन में डॉक्टर बनने और लोगों की सेवा करने का सपना जागा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 11वीं कक्षा में बायोलॉजी सब्जेक्ट चुना और पूरी मेहनत के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। NEET UG 2026 में सूरज ने 583 अंक, 99.16 परसेंटाइल, 16,569वीं ऑल इंडिया रैंक (AIR) और 7,800वीं OBC रैंक हासिल की है। इस प्रदर्शन के बाद उनके लिए अच्छे सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिले की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। उनकी कहानी यह दिखाती है कि कठिन परिस्थितियां भी उस व्यक्ति का रास्ता नहीं रोक सकतीं, जो अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से मेहनत करता है।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर वायरल आर्यन सिंह की OMR शीट निकली फर्जी, NTA ने सबूतों के साथ खोली पोल