NEET री-एग्जाम: अहिल्यानगर में छात्रा अंकिता सांगले ने की आत्महत्या, गरमाया सियासी माहौल| Navbharat Live

Updated On: Jul 27, 2026 | 10:55 AM IST

विज्ञापन

सार

NEET Student Suicide: अहिल्यानगर की 19 वर्षीय अंकिता सांगले ने 11 नंबर से कट-ऑफ छूटने पर आत्महत्या की। सुसाइड नोट में डॉक्टर बनने का सपना टूटने का दर्द जताया।

Ahilyanagar NEET Student Suicide

NEET छात्रा अंकिता सांगले ने की आत्महत्या (फोटो क्रेडिट-X)

विस्तार

Ahilyanagar NEET Student Suicide: देश भर में जारी NEET विवाद और नतीजों की अनिश्चितता के बीच महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्जत तालुका के छोटे से गांव जलालपुर की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा अंकिता सांगले ने NEET दोबारा परीक्षा के अंकों से हताश होकर अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना के समय अंकिता घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता और बड़ा भाई आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर पंढरपुर दर्शन के लिए गए हुए थे। शाम को जब पड़ोसियों ने ध्यान दिया, तो अंकिता छत के पंखे से लटकी मिली। घटना स्थल पर कर्जत पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।

कट-ऑफ से 11 अंक कम मिलने पर गहराया अवसाद

कर्जत पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर हनुमान गायकवाड़ के अनुसार, ऑनलाइन कोचिंग के जरिए तैयारी कर रही अंकिता ने दोबारा परीक्षा में 166 अंक हासिल किए थे, जबकि कट-ऑफ 177 अंक था। महज 11 नंबर से कट-ऑफ से चूक जाने के कारण वह गहरे डिप्रेशन में चली गई थी।

सम्बंधित ख़बरें

सुसाइड नोट में अंकिता ने लिखा कि डॉक्टर बनने का उसका सपना अधूरा रह गया और वह अपने परिवार की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उसने लिखा, “मैं डिप्रेशन में चली गई हूं… मेरी मौत के लिए मेरे परिवार को जिम्मेदार न ठहराएं।”

ये भी पढ़ें- पुणे में बारिश के बीच बढ़ा डेंगू का खतरा, जुलाई में मिले 192 संदिग्ध मरीज; PMC ने नागरिकों को किया सतर्क

विधायक रोहित पवार ने जताया गहरा दुख, छात्रों से की अपील

इस दुखद घटना पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच अंकिता की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है।

रोहित पवार ने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि किसी भी असफलता से निराश होकर इतना बड़ा कदम न उठाएं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संघर्ष ही एकमात्र रास्ता है और युवाओं को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।

महाराष्ट्र में बढ़ता NEET से जुड़ा तनाव

अहिल्यानगर की यह घटना NEET विवाद के बीच राज्य में दूसरी बड़ी त्रासदी है। इससे पहले 20 जून को नासिक जिले के निफाड तालुका में 21 वर्षीय यश गोसावी ने री-एग्जाम से ठीक एक दिन पहले आत्महत्या कर ली थी।

NEET पेपर लीक और बार-बार परीक्षा के माहौल से उपजे मानसिक तनाव ने राज्य के छात्रों को गहरे संकट में डाल दिया है। फिलहाल कर्जत पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow Navbharatlive whatsapp