NEET UG 2026: एनटीए ने जारी किया नीट री-एग्जाम की OMR शीट और रिकॉर्ड रिस्पॉन्स, 15 जुलाई दर्ज करा पाएंगे आपत्ति

Image

NEET UG 2026 (Photo - AI)

NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) के री-एग्जाम में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने परीक्षा की स्कैन की गई OMR आंसर शीट और उम्मीदवारों द्वारा दिए गए रिकॉर्ड रिस्पॉन्स आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। नीट यूजी री-एग्जाम में शामिल हुए सभी छात्र अब पोर्टल पर जाकर अपनी OMR शीट की जांच कर सकते हैं। यदि उन्हें अपने रिकॉर्डेड उत्तरों में कोई गड़बड़ी या गलती नजर आती है, तो वे 15 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे तक ऑनलाइन अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना है और लॉगिन क्रेडेंशियल का इस्तेमाल कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नीट यूजी री-एग्जाम कब हुआ था?

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नीट यूजी री-एग्जाम 21 जून 2026 को दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित किया गया था। परीक्षा की OMR शीट और रिकॉर्ड रिस्पॉन्स को अब आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिया गया है। इतना ही नहीं, उम्मीदवारों की सुविधा के लिए एनटीए द्वारा ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी उनके रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी पर भेजी गई है।

आपत्ति दर्ज करने के लिए कितना शुल्क लगेगा?

जो उम्मीदवार अपने रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स को चुनौती देना चाहता है, उनके लिए 200 रुपये के शुल्क का भुगतान ऑनलाइन डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई (UPI) के माध्यम से करना होगा। । बता दें कि यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल है, जो किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।

मार्किंग और मूल्यांकन को लेकर एनटीए का नियम

  • केवल पूरी तरह भरे गोले मान्य: ओएमआर शीट में केवल वही जवाब सही माने जाएंगे, जिनमें नीले या काले बॉल पेन से गोले को पूरी तरह और सही से भरा गया है।
  • नेगेटिव मार्किंग का नियम: एक प्रश्न के लिए एक से अधिक गोला भरने पर उत्तर को अमान्य माना जाएगा और नियमों के मुताबिक निगेटिव मार्किंग लागू होगी।
  • काट-छांट से बचें: OMR शीट पर किसी भी तरह की ओवरराइटिंग, काट-छांट या अनचाहे निशान होने पर स्कैनर उसे गलत पढ़ सकता है, जिसके लिए छात्र स्वयं जिम्मेदार होंगे।
  • फर्जी ओएमआर पर सख्त कार्रवाई: यदि कोई उम्मीदवार किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की गई या फर्जी OMR शीट के आधार पर झूठी आपत्ति दर्ज कराता है, तो इसे 'अनुचित साधनों का उपयोग' (UFM) माना जाएगा।

OMR रिस्पॉन्स को चुनौती कैसे दें?

  1. सबसे पहले एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
  2. अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
  3. सुरक्षा के लिहाज से मोबाइल और ई-मेल पर आए ओटीपी के जरिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया को पूरा करें।
  4. इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहे “View/Challenge OMR Sheet & Recorded Responses” लिंक पर क्लिक करें।
  5. अपनी मूल OMR शीट और पोर्टल पर दिख रहे रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स का अच्छे से मिलान कर लें।
  6. जिस प्रश्न का रिकॉर्ड उत्तर आपको गलत लग रहा हो, उसे सिलेक्ट करें और अपनी चुनौती दर्ज करें।
  7. तय फीस का ऑनलाइन भुगतान करें और सबमिट पर क्लिक कर दें।
  8. प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपनी रसीद को डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट ले लें।

एनटीए ने साफ कर दिया है कि मुख्य आंसर-की को चुनौती देने की प्रक्रिया पहले ही खत्म हो चुकी है। इस चरण में केवल ओएमआर के रिकॉर्ड रिस्पॉन्स पर ही विचार किया जाएगा। तय समय-सीमा बीत जाने के बाद किसी भी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Varsha Kushwaha

वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

  • Hindi News
  • Education

End of Article