परीक्षा के दौरान चली गई लाइट, NTA ने एजेंसी को दिखा दिया बाहर का रास्ता; दोबारा होगी परीक्षा
Aug 23, 2026 06:00 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
AIAPGET की परीक्षा के दौरान एक सेंटर पर बिजली गुल होने के बाद कंप्यूटर बंद हो गए। एनटीए ने ऐक्शन लेते हुए संबंधित एजेंसी को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसके अलावा परीक्षा अब दोबारा करवाई जाएगी।

परीक्षा के दौरान बिजली जाने की वजह से बंद हो गए कंप्यूटर
NEET पेपर लीक के बाद यूजीसी-नेट की तीन विषयों के पेपर में गड़बड़ियों के बाद परीक्षा कराने वाली एजेंसी NTA सवालों के घेरे में है। इसी बीच एनटीए ने अखिल भारतीय आयुष-पीजी प्रवेश परीक्षा (AIAPGET) 2026 में परीक्षा आयोजन के लिए संबद्ध एक एजेंसी को पैनल से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बिजली गुल होने से परीक्षा बाधित होने पर की गई है। प्रभावित 49 अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा एक सितंबर को होगी।
एक कॉलेज में चली गई थी बिजली
शनिवार को एनटीए की ओर से एआईएपीजीईटी 2026 की परीक्षा देशभर के 200 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 35,788 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। एनटीए ने बताया कि जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज सेंटर में कुल 192 उम्मीदवार शामिल हुए थे।
बिजली जाने से बंद हो गए कंप्यूटर
परीक्षा के दौरान अचानक बिजली चली जाने से कंप्यूटर बंद हो गए और 49 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके। उनके लिए एक सितंबर को राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन में पुनर्परीक्षा होगी। एजेंसी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस दिया है।
एजेंसी ने कहा कि नोटिस में उठाए गए मुद्दों का समाधान होने तक एनटीए के साथ एडुक्यूटी की सेवाओं पर रोक रहेगी। परीक्षार्थियों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई दो घंटे की परीक्षा के कुछ देर बाद करीब 20 मिनट के लिए बिजली चली गई। परीक्षा निरीक्षक ने परीक्षार्थियों को बताया कि 'शॉर्ट सर्किट' के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और जल्द ही इसे बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि, काफी देर तक बिजली नहीं आने पर कई परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।
आपस में नकल करने का भी आरोप
कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के दौरान कई परीक्षार्थी आपस में बातचीत कर रहे थे और कथित रूप से नकल कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह सब केंद्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हुआ। एक परीक्षार्थी ने कहा, ''कई बार बिजली गई और कोई बैकअप व्यवस्था नहीं थी। इस दौरान कुछ उम्मीदवार बातचीत करने लगे और कुछ बाहर आ गए। मुझसे कहा गया कि कंप्यूटर के सामने बैठा रहूं, भले ही वह काम नहीं कर रहा था। जब कंप्यूटर ही काम नहीं कर रहा था तो मैं कैसे बैठ सकता था।''
केंद्र पर्यवेक्षक ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण तकनीकी खराबी आई और बैकअप व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एनटीए को रिपोर्ट भेजी जा रही है। एनटीए ने बताया कि शनिवार को एआईएपीजीईटी परीक्षा की पहली पारी में 36,979 पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर 35,837 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। एजेंसी ने बताया, ''35,788 परीक्षार्थियों की परीक्षा पूरी हो गई है। हालांकि, जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।'' एनटीए, आयुष एवं होम्योपैथी की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में स्नातकोत्तर एमडी, एमएस और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा आयोजित करती है।
