NTA ने 600 विशेषज्ञों की टीम को हटाया, नई टीम का होगा गठन, 4-स्तरीय जांच व्यवस्था लागू
Aug 18, 2026 09:40 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
NTA ने परीक्षाओं में गड़बड़ियों और प्रश्नपत्रों में गड़बड़ियों के बाद 600 विशेषज्ञों की टीम बदल दी है। अब नए प्रश्नपत्रों की 4-स्तरीय जांच व्यवस्था की जा रही है।

NTA में 600 विशेषज्ञ हटे
NTA Latest Update: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षाओं में लगातार आ रही गड़बड़ियों और प्रश्नपत्रों में गलतियों की शिकायतों को देखते हुए एग्जामिनेशन सिस्टम में बड़े बदलाव शुरू हो गए हैं। छात्रों के भविष्य और परीक्षाओं की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए, एनटीए ने प्रश्नपत्र तैयार करने वाली अपनी पुरानी टीम को पूरी तरह से हटा दिया है। इस बड़े कदम के तहत लगभग 600 विशेषज्ञों को हटा दिया गया है, जो लंबे समय से विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार कर रहे थे।
अब पेपर सेटिंग के लिए एक नई टीम का गठन किया गया है। इसके साथ ही, भविष्य में किसी भी परीक्षा में गड़बड़ियों से बचने के लिए प्रश्नपत्रों की कम से कम 4 लेवल पर चेकिंग 4-टियर सिक्योरिटी रिव्यू की व्यवस्था की जा रही है।
क्यों करनी पड़ी इतनी बड़ी कार्रवाई?
जून महीने में आयोजित यूजीसी नेट (UGC-NET) परीक्षा के बाद तीन प्रमुख विषयों—इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया था। छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सोशियोलॉजी के पेपर में स्पेलिंग, ग्रामर और ट्रांसलेशन की ऐसी बुनियादी गलतियां थीं, जिन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता था।
परीक्षा में जाने-माने विचारकों के नाम तक गलत लिखे गए थे; जैसे 'Ritzer' को 'Putzer', 'Parsons' को 'Parsow', 'Ghurye' को 'Ghunye' और 'A R Desai' को 'A K Desai' छाप दिया गया था। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया था कि हिंदी ट्रांसलेशन बेहद घटिया था और कुछ प्रश्न AI जनरेटेड लग रहे थे।
इन शिकायतों के बाद एनटीए द्वारा गठित विशेष समिति ने जांच में माना कि प्रश्नपत्रों में बेसिक नियम फॉलो नहीं किए गए थे। गलतियां इतनी अधिक थीं कि सिर्फ आंसर-की से कुछ सवाल हटाकर उन्हें ठीक नहीं किया जा सकता था। इसी वजह से एनटीए ने इन तीनों विषयों की परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया।
री-टेस्ट और नई सुरक्षा व्यवस्था
यूजीसी नेट के इन तीनों विषयों का री-टेस्ट 9 और 10 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब डेढ़ लाख उम्मीदवार शामिल होंगे। एनटीए सूत्रों के अनुसार, प्रश्नपत्र तैयार करने वाली नई टीम को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और उसने हाल की कुछ परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार भी किए हैं।
एनटीए के इस आंतरिक ओवरहाल का मुख्य उद्देश्य देश भर के लाखों छात्रों का भरोसा जीतना और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की साख को दोबारा स्थापित करना है। नई 4-स्तरीय जांच व्यवस्था से यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाली परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की गड़बड़ी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
लेखक के बारे में
Prachi
शॉर्ट बायो: प्राची लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। पिछले 2 वर्षों से वे करियर, शिक्षा और सरकारी नौकरियों से जुड़े विषयों पर लिख रही हैं। मुश्किल खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेषता है। वे 2024 से लाइव हिन्दुस्तान की करियर टीम का हिस्सा हैं।
अनुभव और करियर का सफर
प्राची ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'नन्ही खबर' से की थी, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा। इसके बाद, उन्होंने 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बतौर कंटेंट राइटर काम करते हुए अपनी लेखनी और रिसर्च स्किल्स को निखारा। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने के बाद, वे करियर डेस्क पर सक्रिय हैं और छात्रों के लिए करियर विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, जॉब और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों को कवर कर रही हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्राची ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है। उनकी शैक्षणिक नींव दिल्ली यूनिवर्सिटी से है, जहां से उन्होंने इतिहास में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इतिहास की अच्छी जानकारी होने के कारण, वे आज की खबरों को बेहतर तरीके से समझ और समझा पाती हैं। यही वजह है कि उनके लेखों में जानकारी पूरी तरह सटीक और अधिक भरोसेमंद होती है।
विजन
प्राची का मानना है कि करियर चुनना केवल एक नौकरी पाना नहीं, बल्कि सही दिशा में अपना भविष्य सुरक्षित करना है। उनका उद्देश्य है कि हर छात्र और अभ्यर्थी तक बिना किसी भ्रम के, सटीक और सही समय पर जानकारी पहुंचे। वे पारदर्शिता और विश्वसनीयता को डिजिटल पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
रुचियां
इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है, जो उनके लेखन में एक नया दृष्टिकोण जोड़ता है।
विशेषज्ञता
बोर्ड परीक्षा अपडेट्स और रिजल्ट एनालिसिस
करियर काउंसलिंग और नए जमाने के कोर्सेज
सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में जॉब अपडेट
एडमिशन प्रक्रिया और कॉम्पिटिटिव एग्जाम गाइडेंस
छात्रों के लिए सॉफ्ट स्किल्स और मोटिवेशनल स्टोरीज
छात्रों के लिए JEE, NEET, UPSC जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स
