NTPC कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत : शव रखकर परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन, स्थायी नौकरी-मुआवजे की मांग - Haribhoomi
रायगढ़ में NTPC कर्मचारी देवेंद्र साव की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। स्थायी नौकरी और मुआवजे की मांग की।
गेट पर शव रखकर प्रदर्शन करते परिजन
- Published: 09 Aug 2026, 07:25 PM IST
- Last Updated: 09 Aug 2026, 07:49 PM IST
अमित गुप्ता- रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में NTPC में कार्यरत एक कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत के बाद मामला गरमा गया है। हादसे में देवेन्द्र साव की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को NTPC गेट के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी परिवार को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
रायपुर से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक मृतक देवेन्द्र साव पुसौर क्षेत्र के माल्दा गांव का निवासी था और NTPC के अधीन त्रिवेणी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि रायपुर से वापस लौटने के दौरान सरायपाली-बासना मार्ग पर सड़क हादसा हुआ, जिसमें उसकी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। परिजनों का कहना है कि मृतक परिवार के लिए कमाने वाला था, ऐसे में उसके निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
रायगढ़ में NTPC कर्मचारी देवेंद्र साव की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। स्थायी नौकरी और मुआवजे की मांग की। pic.twitter.com/7HBSSUxQqV
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 9, 2026
NTPC गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन
मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव को लेकर NTPC गेट के सामने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने, साथ ही उचित मुआवजा देने की मांग रखी है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
मौके पर प्रशासन और पुलिस मौजूद
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुसौर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल प्रदर्शन जारी है और सभी की नजरें प्रशासन तथा कंपनी प्रबंधन के साथ होने वाली बातचीत पर टिकी हैं। परिजनों ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)