टीम इंडिया के खिलाफ सनसनी मचाने वाले जय मूंदड़ा अब ODI में मचाएंगे धमाल, IRE vs AFG सीरीज के लिए टीम में शामिल - India TV Hindi
भारत के खिलाफ T20I सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले युवा क्रिकेटर जय मूंदड़ा को अब बड़ा इनाम मिला है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की ODI सीरीज के पहले तीन मुकाबलों के लिए घोषित आयरलैंड की टीम में उन्हें पहली बार जगह दी गई है। भारत के खिलाफ ऐतिहासिक T20I सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जय अब ODI क्रिकेट में भी अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं।
आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पहले तीन वनडे मैचों के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। चोट के कारण भारत के खिलाफ T20I सीरीज से बाहर रहे कप्तान पॉल स्टर्लिंग की टीम में वापसी हुई है। वहीं जय मूंदड़ा के साथ बेन कैलिट्ज भी ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने T20I क्रिकेट खेला है लेकिन अभी तक ODI डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं।
मैकडोनो को पहली बार मिला मौका
24 साल के मीडियम पेसर बायरन मैकडोनो को भी पहली बार आयरलैंड की टीम में शामिल किया गया है। हाल ही में इंटर-प्रोविंशियल लिमिटेड ओवर्स कप में उन्होंने लेइनस्टर लाइटनिंग की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। पांच मैचों में आठ विकेट लेने वाले मैकडोनो ने अब तक नौ लिस्ट-ए मुकाबलों में 15 विकेट अपने नाम किए हैं। आयररलैंड के नेशनल सिलेक्टर्स एंड्रयू व्हाइट ने कहा कि जय मूंदड़ा और बायरन मैकडोनो दोनों अलग-अलग तरह की काबिलियत वाले खिलाड़ी हैं और उन्हें भरोसा है कि ये दोनों पूरी सीरीज में टीम के लिए प्रभावी साबित होंगे।
कई खिलाड़ी अब भी बाहर
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज की तरह इस बार भी आयरलैंड को कई खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी का सामना करना पड़ेगा। जोश लिटिल, मैट हॉलार्ड, क्रेग यंग, बैरी मैकार्थी, जॉर्डन नील और डेविड डेलानी चोट या रिकवरी प्रोसेस के कारण सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। बोर्ड ने बताया कि अंतिम दो ODI मैचों के लिए टीम का ऐलान खिलाड़ियों की फिटनेस की समीक्षा के बाद किया जाएगा।
अफगानिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की ODI सीरीज के पहले तीन मुकाबले लिए आयरलैंड की टीम: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैंफर, केड कारमाइकल, जॉर्ज डॉकरेल, गैविन होई, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, बायरन मैकडोनो, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर और लॉर्कन टकर।
यह भी पढ़ें:
आयरलैंड में टीम इंडिया को हराने वाले गेंदबाज जय मूंदड़ा को मिला नई टीम का साथ, अब ETPL में दिखेगा जलवा
Latest Cricket News