OMR में 638 मार्क्स, रिजल्ट में मिले सिर्फ 38, छात्रा ने NEET रिजल्ट में लगाया गड़बड़ी का आरोप
![]()
NEET फाइनल आंसर की और स्कोर कार्ड में 600 नंबर का गैप, NEET रिजल्ट में लगाया गड़बड़ी का आरोप
री नीट का रिजल्ट जारी होने के बाद एक के बाद एक नंबरों को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कई उम्मीदवारों का आरोप है कि उनके अनुमानित स्कोर और आधिकारिक स्कोरकार्ड में दिए गए अंकों के बीच बड़ा अंतर है। एक छात्रा ने दावा किया कि फाइनल आंसर की के आधार पर स्कोर और एनटीए की ओर से घोषित किए गए नतीजों में करीब 600 मार्क्स का अंतर है। हाल ही में 19 साल की NEET उम्मीदवार प्रतिभा त्रिवेदी ने टाइम्स नाउ से बातचीत के दौरान बताया कि एनटीए की ओर से जारी फाइनल आंसर की के आधार पर उन्हें री नीट की परीक्षा में 720 में से 638 अंक मिलने की उम्मीद थी। लेकिन जब 16 जुलाई को नतीजे घोषित किए गए तो उनके स्कोरकार्ड में सिर्फ 38 नंबर थे।
उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि 13 जुलाई को जारी सेट 80 की फाइनल आंसर के आधार पर अपनी OMR शीट की जांच की थी और नतीजे घोषित होने से पहले वे अपने नंबरों से संतुष्ट थी। वहीं जब रिजल्ट जारी हुआ तो मार्क्स देखकर उन्हें यकीन नहीं हुआ।
फाइनल आंसर की और रिजल्ट के स्कोर में बड़ा अंतर
त्रिवेदी के अनुसार उन्होंने 180 में से 162 सवालों के जवाब दिए थे और सिर्फ दो गलत जवाब दिए थे। उन्होंने आगे दावा किया कि NTA ने दो सवाल हटा दिए थे, जिससे उन्हें हर सवाल के लिए चार ग्रेस मार्क्स मिलने चाहिए थे। अपनी गणना के अनुसार प्रतिभा को 720 में से 638 मार्क्स मिलने की उम्मीद थी। प्रतिभा ने बताया कि उन्होंने NTA और केंद्रीय शिक्षा मंत्री दोनों को पत्र लिखकर अपनी OMR शीट की दोबारा जांच और दोबारा मूल्यांकन की मांग की है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि लगभग 600 उम्मीदवारों को अपने नतीजों में इसी तरह की गड़बड़ियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिभा ने कहा कि पहले पेपर लीक विवाद, उसके बाद दोबारा परीक्षा और अब स्कोरकार्ड में कथित गड़बड़ियों के कारण छात्र बहुत ज्यादा मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने एनटीए को अक्षम बताया और उम्मीदवारों की चिंता के लिए एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया।
अब तक कोई मामला सही साबित नहीं हुआ - एनटीए
वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का कहना है कि अब तक ऐसा कोई भी सही मामला साबित नहीं हुआ है। साथ ही शिक्षा मंत्रालय ने शिकायतों पर ध्यान दिया है और मामले की जांच कर रहा है। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि भले ही एनटीए को स्कोरकार्ड में गड़बड़ी के बारे में कई शिकायतें मिली हैं, लेकिन अब तक कोई भी सही मामला साबित नहीं हुआ है। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि शिकायतों के साथ जमा की गई कई ओएमआर शीट के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल करके छेड़छाड़ की गई लगती है।
छात्रों ने कहा हमने नहीं की ओएमआर में छेड़छाड़
वहीं त्रिवेदी समेत आपत्ति जताने वाले छात्रों ने ओएमआर में एआई से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज कर दिया है और एक पारदर्शी और तय समय सीमा वाली क्रॉस वेरिफिकेशन प्रक्रिया की मांग की है। त्रिवेदी का कहना है कि उन्होंने नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसलिए किसी भी तरह की कथित हेर फेर की कोई गुंजाइश नहीं थी।
री नीट रिजल्ट को लेकर राजनीतिक विवाद
इस विवाद ने राजनीतिक बहस भी छेड़ दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने NEET परीक्षा के संचालन और छात्रों की शिकायतों पर NTA के रवैये, दोनों की आलोचना की है।