हरमनप्रीत कौर का PAK के खिलाफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, 150वां टी20 खेलने वाली बनी पहली कप्तान

भारत की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इन दिनों खेले जा रहे 2026 महिला एशिया कप का 9वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. मैच के लिए हरमनप्रीत टॉस पर आईं. इसके साथ वह दुनिया की पहली ऐसी खिलाड़ी (महिला और पुरुष दोनों में) बन गई, जिन्होंने सिर्फ कप्तानी करते हुए 150 मैच खेल लिए. 

इस लिस्ट में श्रीलंका की चमारी अथापथु दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने कप्तान के रूप में 121 टी20 खेले हैं. पुरुष क्रिकेट में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टी20 इटंरनेशनल मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड नामीबिया के गेरहार्ड इरास्मस के नाम पर दर्ज है. उन्होंने कप्तान के रूप में 91 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल लिए हैं. बता दें कि खिलाड़ी के रूप में यह हरमनप्रीत के लिए 165वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला है.

— BCCI Women (@BCCIWomen) September 5, 2026

सबसे ज्यादा महिला टी20 इंटरनेशनल मैच (कप्तान के रूप में)

150* मैच - हरमनप्रीत कौर (भारत)
121 मैच - चमारी अथापथु (श्रीलंका)
100 मैच - मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलियाई)
96 मैच - हीदर नाइट (इंग्लैंड)
96 मैच - डायने बिमेनीमाना (रवांडा)

ऐतिहासिक 150वें मैच पर क्या बोली हरमनप्रीत कौर?

कप्तान के रूप में 150वां टी20 खेलने पर हरमनप्रीत कौर ने कहा, "महान उपलब्धि है. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि मैदान पर खुद का आनंद लेते रहें, और यही वह कुंजी है जिसे मैं बनाए रखने की कोशिश करती हूं."

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग 

मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम पहले गेंदबाजी के लिए मैदान पर है. यह टीम इंडिया के लिए ग्रुप चरण का आखिरी मैच है. शुरुआती 2 मैच जीतकर टीम इंडिया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. वहीं पाकिस्तान ग्रुप स्टेज का दूसरा मुकाबला खेल रही है. 

मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11 

स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (डब्ल्यू), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़. 

मुकाबले के लिए पाकिस्तान की प्लेइंग 11

मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एयमान फातिमा, तूबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल.

यह भी पढ़ें: मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी पर बोले ईशान किशन, 'उनके अंदर भूख...'