PAK की लेडी अफसर पंजाबी गानों की शौकीन: सोशल मीडिया पर एक्टिव; सिद्धू मूसेवाला, आर-नेत, रंजीत बावा के गानों पर रील्स बनाईं - Jalandhar News
डॉ. अनूश मसूद चौधरी ने कई पंजाबी गानों पर रील्स बनाई हैं।
पाकिस्तान की सीनियर पुलिस अधिकारी डॉ. अनूश मसूद चौधरी पंजाबी गानों की बड़ी फैन हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिद्धू मूसेवाला के ईस्ट साइड फ्लो, रंजीत बावा के शेर मारना, गुर सिद्धू के 8 पर्चे, आर नेत के दबदा किथे आ जैसे गानों पर कई रील्स बन
.
पेशावर की रहने वाली डॉ. अनूश फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब एलीट पुलिस में डिप्टी डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन) के पद पर तैनात हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। उनके फेसबुक अकाउंट पर करीब 2.5 लाख फॉलोअर्स हैं।
डॉ. अनूश साल 2018 में खैबर पख्तूनख्वा की पहली महिला SSP बनी थीं। उस समय उनकी कार्यशैली के साथ-साथ उनकी खूबसूरती की काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद वह लाहौर की भी SSP बनीं। डॉ. अनूश इंडियन म्यूजिक को खास पसंद करती हैं। उन्होंने पंजाबी के साथ हरियाणवी और बॉलीवुड गानों पर रील्स बनाई हैं।

डॉ. अनूश साल 2018 में खैबर पख्तूनख्वा की पहली महिला SSP बनी थीं। -फाइल फोटो
जानिए कौन है डॉ. अनूश मसूद चौधरी…
- MBBS किया और गोल्ड मेडल हासिल किया: डॉ. अनूश मसूद चौधरी ने मेडिकल क्षेत्र छोड़कर पुलिस सेवा को चुना और अपने करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिनकी वजह से वह देश की चर्चित महिला अधिकारियों में शामिल हैं। उन्होंने फातिमा जिन्ना मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की और मेडिसिन में गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद सिविल सेवा परीक्षा पास कर पुलिस सेवा में शामिल हुईं।
- लाहौर की बेस्ट क्राइम फाइटर बनी: वर्ष 2014 में अनूश मसूद चौधरी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की पहली महिला असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) बनीं। इसके बाद उन्होंने पंजाब पुलिस में विभिन्न अहम जिम्मेदारियां संभालीं। कसूर में SP (इन्वेस्टिगेशन), लाहौर के मॉडल टाउन में एडिशनल SP और पंजाब पुलिस मुख्यालय में SP के रूप में भी उन्होंने काम किया। वर्ष 2018 में उन्हें लाहौर का 'बेस्ट क्राइम फाइटर' चुना गया।
- इंटरनेशनल वूमेन ऑफ करेज अवॉर्ड मिला: मई 2022 में अनूश मसूद चौधरी को लाहौर ऑपरेशंस विंग का सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) नियुक्त किया गया। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला पुलिस अधिकारी बनीं। इसके अलावा उन्होंने पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, जेंडर-सेंसिटिव पुलिसिंग को बढ़ावा देने और महिला पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग के लिए भी काम किया। वर्ष 2020 में महिलाओं के अधिकारों और पुलिस सेवा में योगदान के लिए उन्हें अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से इंटरनेशनल वूमेन ऑफ करेज अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

अनूश मसूद चौधरी के फेसबुक पर ढाई लाख फॉलोअर्स हैं।
पेरेंट्स डॉक्टर बनाना चाहते थे
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में डॉ. अनूश मसूद चौधरी ने बताया था- पेरेंट्स का सपना था कि मैं डॉक्टर बनूं। मैंने MBBS भी पूरी कर ली थी। मगर, पिता के मौत के बाद सब बदल गया। परिवार वाले चाहते थे कि मैं डॉक्टर बनकर विदेश सैटल हो जाऊं, लेकिन मैं पाकिस्तान में ही रहकर जनता की सेवा करना चाहती थी। इसके मैंने सेंट्रल सुपीरियर सर्विसेज (CSS) का फील्ड चुना।

डॉ. अनूश मसूद चौधरी इन विवादों में भी रहीं
- इमरान खान और PTI के खिलाफ कड़ी कार्रवाई: 9 मई 2023 को पाकिस्तान में हुई हिंसक घटनाओं (जिन्ना हाउस पर हमला) की जांच SSP इन्वेस्टिगेशन के तौर पर डॉ. अनूश ही कर रही थीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कार्यकर्ताओं पर आपराधिक साजिश और राजद्रोह जैसी गंभीर धाराएं लगाईं। इस सख्त कार्रवाई के कारण वह इमरान खान की पार्टी (PTI) के निशाने पर आ गईं। PTI नेताओं ने उन पर राजनीतिक द्वेष और जेल में बंद महिलाओं के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए, जिसे डॉ. अनूश और पंजाब सरकार ने खारिज कर दिया।
- शहबाज गिल के साथ अंतरराष्ट्रीय विवाद: PTI के बड़े नेता डॉ. शहबाज गिल ने अमेरिका से डॉ. अनूश के खिलाफ सोशल मीडिया (X) पर बेहद तीखी और व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं। इसके विरोध में पंजाब पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कड़ा एक्शन लिया और अमेरिकी दूतावास से उनके खिलाफ कानूनी शिकायत दर्ज कराई।
- रातों-रात पद से हटाना: सितंबर 2024 में उन्हें अचानक SSP इन्वेस्टिगेशन लाहौर के पद से हटाकर CPO रिपोर्ट करने को कहा गया। पंजाब सरकार ने एक ही दिन में अधिसूचना जारी की कि उन्हें पंजाब प्रांत से मुक्त कर वापस केंद्र सरकार (इस्लामाबाद) भेजा जा रहा है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि चौबीस घंटे के भीतर ही इस आदेश को वापस ले लिया गया। प्रशासनिक गलियारों में इस अचानक फेरबदल और उलझन को लेकर काफी चर्चा हुई और इसे पुलिस महकमे के भीतर अंदरूनी खींचतान से जोड़कर देखा गया।
- सीनियर अधिकारी से तीखी बहस: साल 2020 में लाहौर में एक जमीन कब्जे के मामले की जांच के दौरान डॉ. अनूश का अपने ही विभाग के सीनियर अधिकारी (तत्कालीन SSP इन्वेस्टिगेशन अब्दुल गफ्फार कैसरानी) के साथ गहरा मतभेद हो गया था। उन्होंने सीनियर अधिकारी की ओर से मामले में हस्तक्षेप करने पर कड़े शब्दों में लिखित जवाब दिया था, जिसकी चिट्ठी मीडिया में लीक हो गई थी। इस आंतरिक विवाद के कारण भी उनका ट्रांसफर किया गया था।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाबी सिंगर करनदीप को आया हार्ट अटैक:खुद VIDEO शेयर किया, बोले- जिम जाता हूं, फिर भी दिल-दिमाग ने काम करना बंद कर दिया

पंजाबी सिंगर, एक्टर, मॉडल और फिटनेस इन्फ्लुएंसर करनदीप को ऑस्ट्रेलिया में हार्ट अटैक आ गया। सिंगर ने खुद इसके वीडियो इंस्टा पर शेयर करते हुए लिखा कि 19 मई उनकी जिंदगी का लास्ट दिन था। अगर उनके दोस्त पास न होते तो वो जिंदा न होते। पढ़ें पूरी खबर…