PAK नापाक हरकत करता है तो सेना घर में घुसकर मारती है: SRCC में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Sep 05, 2026 11:36 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स अपनी सौवीं वर्षगांठ मना रहा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। उन्होंने कहाकि यहां से पढ़कर निकले लोग हर तरफ धूम मचा रहे हैं।

श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स अपनी सौवीं वर्षगांठ मना रहा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां से पढ़कर निकले लोग हर तरफ धूम मचा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जेन जी को कनेक्ट करते हुए कहा कि आपकी भाषा में कहूं तो यहां पढ़ने वाले ओजी रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने आतंकवाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहाकि आज अगर पाकिस्तान नापाक हरकत करता है तो सेना घुसकर मारती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे अरुण जेटली जी भी यही से पढ़े थे। मैं कह सकता हूं कि शायद हमारी कोई मुलाकात ऐसी नहीं होती थी जब वे एसआरसीसी की कोई घटना न सुनाते हों। यहां से कई कलाकार, नेता और वकील निकले हैं। एसआरसीसी के लोगों ने हर क्षेत्र में धूम मचाई है।
पीढ़ियों से जोड़ा है
पीएम मोदी ने कहाकि आज का दिन श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के लिए ऐतिहासिक है। मैं आप सभी को एसआरसीसी के इस समारोह के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। उन्होंने आगे कहाकि जब कोई संस्थान 100 साल का होता है तो वह उपलब्धियों और प्रेरणाओं का महासागर हो जाता है। 100 साल की अपनी इस यात्रा में एसआरसीसी ने पीढ़ियों को उज्जवल भविष्य से जोड़ा है। प्रधानमंत्री ने संस्थान की शुरुआत के बारे में बताते हुए कहाकि इसकी यात्रा दरियागंज के एक छोटे से स्थान से शुरू हुई थी। अब यह एक विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसने कई पीढ़ियों को छांव दी है।
साल 2013 की बात याद की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोग मेरे 2013 के संबोधन को याद कर रहे हैं। उस समय आपके स्थानों पर यहां आपके सीनियर बैठे थे। मैं तब देश की मुख्य विपक्षी पार्टी का सदस्य भी था। उस समय सभी लोग यह उम्मीद कर रहे थे कि मैं तब की केंद्र सरकार पर आरोप लगाऊंगा लेकिन मैंने तत्कालीन सरकार का आलोचक होने के बावजूद इस मंच का उपयोग नहीं किया था। मैंने एक विजन रखा था और सकारात्मक बात कही थी। मैं उस रास्ते पर ही चलता रहा हूं। उन्होंने आगे कहाकि उस समय(2013) विकास फर्श पर था और महंगाई अर्श पर थी। उस समय घोटाले चरम पर थे और भ्रष्टाचारी बेखौफ घूमते थे। आतंकी बेलगाम थे और पाकिस्तान बेकाबू था। पीएम मोदी ने कहा कि एक वह दिन था और एक आज का दिन है जब आतंकवाद फैलाने वाले पस्त पड़े हैं। पाकिस्तान कोई नापाक हरकत करता है तो भारतीय सेना घर में घुसकर मारती है। नक्सलवाद की कमर तोड़ दी गई है।
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की 7.8% की ग्रोथ भी ऐसे समय पर आई है जब वेस्ट एशिया का युद्ध चल रहा है और जब ट्रेड से जुड़ी अर्चन भी रही है। उस समय ऐसी ग्रोथ हासिल करना भारत के सामर्थ्य को दिखाता है। उन्होंने कहा कि हम गर्व से कहते हैं कि आज भारतीय, दुनिया की टॉप कंपनियों को लीड कर रहे हैं। अगर भारतीय दुनिया की टॉप कंपनियों को लीड कर रहे हैं तो भारतीयों की बनाई कंपनियां दुनिया को क्यों न लीड करें।