Pakistan में आखिर क्यों बंद हुआ Al Jazeera? नहीं खुल रहे वेबसाइट, लेकिन क्यों?
Published: Tuesday, August 4, 2026, 21:32 [IST]
Al Jazeera Pakistan Ban: पाकिस्तान में कतर के मशहूर न्यूज चैनल अल जजीरा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, पाकिस्तान में अल जजीरा की वेबसाइट नहीं खुल रही है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) में जारी विरोध प्रदर्शनों, हिंसक झड़पों और मानवाधिकार उल्लंघनों की लगातार रिपोर्टिंग शहबाज शरीफ सरकार और पाकिस्तानी सेना को नागवार गुजर रही थी।
हालांकि, अब तक न तो पाकिस्तान सरकार और न ही अल जजीरा की ओर से किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि की गई है। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम ने प्रेस की आजादी और सूचना पर नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अल जजीरा पर बैन के दावे क्यों उठे?
पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि देश में अल जजीरा की वेबसाइट एक्सेस नहीं हो रही है। पीओके के पत्रकार शोएब खान ने भी दावा किया कि पाकिस्तान में चैनल की वेबसाइट बंद कर दी गई है। हालांकि, अभी तक इस मामले पर पाकिस्तान सरकार या अल जजीरा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। इसलिए फिलहाल इसे सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित दावा ही माना जा रहा है।
ये भी पढे़ं: PoK में बगावत की आग क्यों भड़की? 50 मौतें, चुनावी खेल और 12 सीटों का विवाद जिससे बैकफुट पर शहबाज सरकार!
पीओके की रिपोर्टिंग से क्यों बढ़ा विवाद?
अल जजीरा पिछले कुछ समय से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लगातार प्रमुखता से दिखा रहा था। चैनल ने प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों, गोलीबारी और कथित मानवाधिकार उल्लंघनों पर कई रिपोर्ट प्रकाशित कीं। इन्हीं रिपोर्टों के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि पाकिस्तान सरकार इस कवरेज से असहज है और इसी वजह से वेबसाइट पर रोक लगाने जैसे कदम उठाए गए हैं।
स्थानीय मीडिया से अलग क्यों दिखी अल जजीरा की कवरेज?
पाकिस्तान के स्थानीय टीवी चैनलों और न्यूज वेबसाइटों पर पीओके के विरोध प्रदर्शनों को सीमित कवरेज मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग अंतरराष्ट्रीय मीडिया, खासकर अल जजीरा की रिपोर्टों के जरिए हालात जानने की कोशिश कर रहे थे। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो और दावे वायरल हुए, जिनमें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र किया गया। अल जजीरा ने इन्हीं घटनाओं को अपनी रिपोर्टों में जगह दी।
अल जजीरा की रिपोर्ट में क्या कहा गया था?
अल जजीरा ने अपनी रिपोर्टों में दावा किया था कि पीओके में प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में कई लोगों की मौत हुई। चैनल ने घटनास्थल की तस्वीरें, वीडियो और ग्राउंड रिपोर्ट भी प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में यह भी दिखाया गया कि मुजफ्फराबाद और मीरपुर जैसे इलाकों में कई लोगों ने चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया। इन रिपोर्टों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पीओके के हालात पर ध्यान खींचा।
ये भी पढ़ें: PoK Unrest: 'पाकिस्तानी कश्मीर नहीं अवैध कब्ज़ा', New York Times की हेडलाइन पर यूएस में इंडियन एंबेसी ने लताड़ा
आधिकारिक पुष्टि का अब भी इंतजार
अल जजीरा की वेबसाइट पाकिस्तान में वास्तव में सरकारी आदेश से बंद की गई है या तकनीकी कारणों से एक्सेस नहीं हो रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पाकिस्तान सरकार और अल जजीरा दोनों ने इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में वेबसाइट ब्लॉक होने और इसके पीछे की वजहों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। आगे आने वाले आधिकारिक बयान इस पूरे मामले की तस्वीर साफ कर सकते हैं।