Pakistan Team: कोच हैं या कपड़े... जब मन किया, बदल देती है PCB, पांच साल में किए इतने बदलाव

सरफराज अहमद को हटाकर माइक हेसन को ही टेस्ट कोच भी बना दिया हैImage Credit source: Getty Images
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा विवादों में पड़ गया है. मैदान पर पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और 3 मैच की सीरीज के पहले और दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. इसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज के आखिरी मैच से पहले ही आधी से स्क्वॉड को बदल दिया है. मगर सिर्फ स्क्वॉड ही नहीं बदला है बल्कि टेस्ट टीम का कोच भी फिर से बदल दिया गया है. सरफराज अहमद को हटाकर अब वनडे-टी20 कोच माइक हेसन को ये जिम्मेदारी दी गई है. इस तरह पिछले 3 साल में टेस्ट कोचिंग में ये छठा और 5 साल में सभी फॉर्मेट की कोचिंग में 11 बदलाव है.
बार-बार बदले टेस्ट कोच
पिछले 5-6 सालों में तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन लगातार नीचे ही गिरा है. मगर जितना बुरा हाल इस टीम का टेस्ट क्रिकेट में हुआ है, उतना कहीं नहीं दिखा है. पाकिस्तान को साल के अंदर बांग्लादेश के खिलाफ लगातार 2 टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है, जिसमें से एक तो पाकिस्तान में ही आई है. वहीं ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और अब अब इंग्लैंड में भी टीम पस्त हो गई. ऐसे में PCB ने टेस्ट कोच में इतनी तेजी से बदलाव किए हैं, मानो हर 6 महीने में नए कपड़े खरीद रहे हों.
2023 से अब तक देखें तो पाकिस्तान ने 3 साल में 6 बार कोच बदले हैं, जिसमें सबसे ताजा बदलाव माइक हेसन को टेस्ट कोचिंग की जिम्मेदारी मिलना है. PCB ने अपने हेड कोचों की क्या बेकद्री की है, उसे लगातार होने वाले बदलावों की इस लिस्ट से समझा जा सकता है-
- ग्रांट ब्रैडबर्न – मार्च 2023 से नवंबर 2023
- मोहम्मद हफीज – नवंबर 2023 से फरवरी 2024
- जेसन गिलेस्पी – अप्रैल 2024 से दिसंबर 2024
- अजहर महमूद – जनवरी 2025 से दिसंबर 2025
- सरफराज अहमद – अप्रैल 2026 से अगस्त 2026
- माइक हेसन – सितंबर 2026 से शुरू
पांच साल में 11 बदलाव
मगर सिर्फ टेस्ट टीम ही नहीं, बल्कि ओवरऑल कोचिंग का हिसाब देखें तो पिछले 5 साल में पाकिस्तान ने सभी फॉर्मेट में मिलाकर कोच 11 बार कोच बदल दिए हैं. इसकी शुरुआत 2021 में मिस्बाह उल हक की छुट्टी के बाद हुई, जो लंबे समय तक टीम के कोच थे. इसके बाद सकेलन मुश्ताक करीब 2 साल तक तीनों फॉर्मेट के कोच रहे लेकिन फिर मोहम्मद हफीज, गैरी कर्स्टन और आकिब जावेद भी कुछ-कुछ वक्त के लिए कोच रहे लेकिन कोई भी टीम को सफलता नहीं दिला सका.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More