Paper Leak Bill Debate: लोकसभा में प्रियंका गांधी का सरकार पर बड़ा हमला, छात्रों पर पैलेट गन से लेकर शिक्षा मंत्री तक उठाए सवाल - Haribhoomi

Paper Leak Bill Debate: लोकसभा में प्रियंका गांधी ने पेपर लीक, छात्रों पर कथित पैलेट गन, NTA, शिक्षा बजट और नए शिक्षा मंत्री की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

Priyanka Gandhi Speech in Lok Sabha

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

  • Published: 28 Jul 2026, 06:10 PM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 06:13 PM IST

नई दिल्ली: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर कई मोर्चों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित बल प्रयोग, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, एनटीए, शिक्षा बजट और नए शिक्षा मंत्री की नियुक्ति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उनके भाषण के दौरान कई बार सत्ता पक्ष ने विरोध किया, जबकि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उनके एक बयान को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई।

छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार से मांगा जवाब
प्रियंका गांधी ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर आंसू गैस, लाठीचार्ज, वॉटर कैनन, पैलेट गन और AK-47 जैसे हथियारों का इस्तेमाल क्यों किया गया।

उन्होंने कहा, "क्या वे आतंकवादी थे? पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया? क्या प्रधानमंत्री ने आदेश दिया या गृह मंत्री ने? सिर्फ कांग्रेस पार्टी नहीं, बल्कि पूरा देश इसका जवाब चाहता है।" उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र गांधीजी के बताए अहिंसा के रास्ते पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज दबाने की कोशिश की।

'युवाओं से क्यों डरती है सरकार?'
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के माता-पिता, छात्र और शिक्षक सभी सरकार से जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा, "आप इस देश के युवाओं से क्यों डरते हैं? आपको उनकी आवाज दबाने का अधिकार किसने दिया?"

#WATCH | Delhi | In Lok Sabha, Congress MP Priyanka Gandhi Vadra says, "This Bill contains no concrete measures to prevent paper leaks. How will this build confidence among the country’s youth? I wish to tell the Honourable Prime Minister that perhaps he needs to change his… pic.twitter.com/LuzWYLgKwA

— ANI (@ANI) July 28, 2026

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर हमला
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि पिछले एक दशक में 152 बार पेपर लीक हुए और करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन किसी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि 2024 में बना कानून भी प्रभावी साबित नहीं हुआ और आज उसी में संशोधन लाया जा रहा है। उनके अनुसार, अब तक पेपर लीक के आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई, जबकि छात्रों के नाम उजागर किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री को सलाहकार बदलने की नसीहत
प्रियंका गांधी ने कहा कि केवल नई समितियां बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा, "राधाकृष्णन समिति पहले भी बनाई गई थी। प्रधानमंत्री को अपने सलाहकार बदलने चाहिए। Gen Z का भरोसा नए-नए कैमरा एंगल वाले वीडियो से नहीं जीता जा सकता। प्रधानमंत्री को कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा।"

उन्होंने यह भी कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है और हालिया सुनवाई में सीबीआई का वकील तक अदालत में मौजूद नहीं था।

#WATCH | Delhi | In Lok Sabha, Congress MP Priyanka Gandhi Vadra says, " The Prime Minister appointed a new Education Minister, a person who expressed consent and even happiness over the release of those convicted of raping a pregnant woman... "

Objecting to this, Union Minister… pic.twitter.com/ahJOgjgQDI

— ANI (@ANI) July 28, 2026

शिक्षा मंत्री की नियुक्ति पर विवाद
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री द्वारा नए शिक्षा मंत्री की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया, जिसने एक गर्भवती महिला से दुष्कर्म के दोषियों की रिहाई पर सहमति और खुशी व्यक्त की थी।

इस बयान पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने तत्काल आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह "संसद के भीतर चरित्र हनन" है और इस तरह की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रियंका गांधी से सदन में माफी मांगने की भी मांग की।

'सबसे बड़ी चोरी युवाओं के भविष्य की'
अपने भाषण के अंत में प्रियंका गांधी ने सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि देश ने चुनाव में वोट की चोरी, राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और किसानों की जमीन की चोरी जैसे आरोप सुने हैं, लेकिन "सबसे बड़ी चोरी तब हुई, जब देश के नौजवानों के भविष्य और उनके सपने चुरा लिए गए।"

उन्होंने कहा, "अगर देश का युवा निराश हो गया और उसकी उम्मीद टूट गई, तो वह भारत की हार होगी। विपक्ष भारत के भविष्य की लड़ाई लड़ता रहेगा।"

रिजिजू का तंज
प्रियंका गांधी के भाषण के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने एक मौके पर तंज कसते हुए कहा कि "प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी की स्पीच की चोरी कर ली।" सदन में इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच हंसी-मजाक और शोर-शराबा भी देखने को मिला।