क्या आपकी कंपनी हर महीने जमा कर रही है PF? ऐसे करें चेक, अगर नहीं तो क्या करें?
Sep 14, 2026 05:10 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

मुख्य बातें
- हर महीने सैलरी स्लिप में PF कटता देखकर कर्मचारी निश्चिंत हो जाते हैं कि उनका रिटायरमेंट सेविंग सेफ है
- क्या आपको पता है कि सैलरी से PF कटना और ईपीएफओ (EPFO) खाते में PF जमा होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं

हर कर्मचारी को कुछ महीनों में एक बार अपना ईपीएफ पासबुक जरूर देखना चाहिए।
हर महीने सैलरी स्लिप में PF कटता देखकर कर्मचारी निश्चिंत हो जाते हैं कि उनका रिटायरमेंट सेविंग सेफ है। क्या आपको पता है कि सैलरी से PF कटना और ईपीएफओ (EPFO) खाते में PF जमा होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं? अगर कंपनी ने पीएफ काट लिया, लेकिन समय पर ईपीएफओ में जमा नहीं किया, तो आपको इसकी जानकारी तभी मिलेगी जब आप अपना पीएफ पासबुक चेक करेंगे। इसलिए हर कर्मचारी को कुछ महीनों में एक बार अपना ईपीएफ पासबुक जरूर देखना चाहिए।
सैलरी से PF कटने के बाद क्या होता है?
कर्मचारी की सैलरी से पीएफ की रकम काटने के साथ ही नियोक्ता को अपनी ओर से भी योगदान देना होता है। कंपनी को कर्मचारी और अपने हिस्से का अमाउंट इम्पलॉयी प्रॉविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) में महीना खत्म होने के 15 दिनों के अंदर जमा करना होता है। लेकिन सिर्फ सैलरी स्लिप में पीएफ की कटौती देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि रकम आपके ईपीएफ खाते में पहुंच गई है।
ऐसे पता करें PF जमा हुआ या नहीं
आप अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से ईपीएफओ के ई-पासबुक में लॉगिन करके हर महीने का पीएफ योगदान देख सकते हैं। पासबुक में आमतौर पर कर्मचारी का योगदान, नियोक्ता का योगदान और लागू होने पर इम्पलॉयी पेंशन स्कीम का योगदान दिखाई देता है।
मान लीजिए आपकी जुलाई की सैलरी से पीएफ काटा गया है। कुछ समय बाद ईपीएफ पासबुक खोलकर देखें कि जुलाई का योगदान उसमें दिखाई दे रहा है या नहीं। इसी तरह हर महीने की एंट्री को अपनी सैलरी स्लिप से मिलाते रहें।
अगर आपने कई कंपनियों में काम किया है तो एक ही यूएएन से कई मेंबर आईडी जुड़ी हो सकती हैं। इसलिए जिस कंपनी और नौकरी के पीरियड की जानकारी देखनी है, उसी मेंबर आईडी को चुनें।
पीएफ पासबुक कैसे चेक करें?
स्टेप 1: ईपीएफओ मेंबर पासबुक की आधिकारिक सेवा पर अपने यूएएन से लॉगिन करें।
स्टेप 2: संबंधित मेंबर आईडी चुनें।
स्टेप 3: महीने के हिसाब से कर्मचारी, नियोक्ता और ईपीएस योगदान की एंट्री देखें।
ईपीएफओ की पासबुक लाइट सुविधा और अन्य सर्विस उमंग ऐप के जरिए भी उपलब्ध हैं।
PF जमा नहीं हुआ तो क्या करें?
अगर पीएफ कटने के बावजूद पासबुक में एंट्री नहीं दिख रही है, तो तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है। योगदान अपडेट होने में कुछ समय लग सकता है। सामान्य प्रोसेसिंग पीरियड के बाद भी रकम दिखाई न दे तो पहले कंपनी से संपर्क करें।
समस्या बनी रहने पर कर्मचारी EPFiGMS के जरिए शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत के साथ सैलरी स्लिप, ईपीएफ स्टेटमेंट और संबंधित डॉक्यूमेंट देना उपयोगी हो सकता है।
क्या PF देर से जमा होने पर ब्याज का नुकसान होगा?
नहीं। पीएफ जमा करने की जिम्मेदारी नियोक्ता की होती है। ईपीएफओ के के मुताबिक, देय पीएफ अमाउंट पर पर सदस्य को संबंधित पीरियड का ब्याज मिलता है। देरी के लिए नियोक्ता पर धारा 7Q के तहत ब्याज और धारा 14B के तहत पेनल डैमेज लगाया जा सकता है।