हर स्कूल में अलग-अलग फॉर्म भरने की झंझट खत्म, ‘संविदा साथी’ पोर्टल से PGT, TGT, PRT समेत कई पदों के लिए करें आवेदन

Aug 23, 2026 10:24 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

केवीएस संविदा साथी पोर्टल 2026 पर कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, योग्यता, चयन प्रक्रिया और जरूरी जानकारी यहां पढ़ें।

kvs samvida sathi portal 2026 online registration know full details

‘संविदा साथी’ पोर्टल

देशभर के केंद्रीय विद्यालयों में कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर और स्टाफ बनने का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) ने अब तक चली आ रही पुरानी और बिखरी हुई भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह बदलते हुए एक नया, केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम है "संविदा साथी पोर्टल"। इस पोर्टल के जरिए अब उम्मीदवारों को हर स्कूल में अलग-अलग आवेदन करने की झंझट से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा।

क्या है केवीएस संविदा साथी पोर्टल

केंद्रीय विद्यालय संगठन ने यह पोर्टल samvida-sathi.kvs.gov.in पर लॉन्च किया है, जिसका मकसद कॉन्ट्रैक्चुअल टीचिंग और नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती को आसान बनाना है ताकि केंद्रीय विद्यालय में अस्थायी शिक्षक और स्टाफ के रूप में काम करना चाहने वाले उम्मीदवार एक ही ऑनलाइन प्रोफाइल बनाकर आवेदन कर सकें। पहले जो व्यवस्था थी उसमें हर स्कूल अपने स्तर पर अलग प्रक्रिया अपनाता था, जिसकी वजह से अक्सर कन्फ्यूजन और दोहराव की स्थिति बन जाती थी, इसीलिए केवीएस ने इस असमानता को खत्म करने के मकसद से केंद्रीकृत सिस्टम की ओर कदम बढ़ाया। सबसे अहम बात यह है कि 2026-27 शैक्षणिक सत्र से किसी भी तरह की ऑफलाइन या स्वतंत्र रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया मान्य नहीं होगी, यानी अब सभी उम्मीदवारों के लिए इस पोर्टल से गुजरना अनिवार्य कर दिया गया है।

किन पदों के लिए होगी भर्ती

इस पोर्टल के जरिए पीजीटी, टीजीटी, पीआरटी, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, स्पेशल एजुकेटर, काउंसलर, स्पोर्ट्स कोच जैसे कई टीचिंग और नॉन-टीचिंग कॉन्ट्रैक्चुअल पदों के लिए उम्मीदवारों को रजिस्टर किया जाएगा, प्रोफाइल बनाई जाएगी और वे वेकेंसी के लिए आवेदन कर सकेंगे साथ ही अपने आवेदन का स्टेटस भी ट्रैक कर पाएंगे। इसके अलावा योग शिक्षक, नर्स जैसे पदों पर भी इसी पोर्टल के जरिए भर्तियां होंगी। पद के अनुसार योग्यता अलग-अलग रखी गई है। 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, नेट, पीएचडी जैसी शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। किसी भी तरह की आवेदन फीस नहीं रखी गई है, यानी जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग सभी वर्गों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क है।

उम्र सीमा को लेकर जरूरी बात

गौर करने वाली बात यह है कि केवीएस ने हर कॉन्ट्रैक्चुअल पद के लिए एक समान उम्र सीमा तय नहीं की है, बल्कि अलग-अलग केंद्रीय विद्यालय अपनी भर्ती सूचना में खुद उम्र से जुड़ी शर्तें तय कर सकते हैं। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले संबंधित स्कूल की ओर से जारी विज्ञापन जरूर पढ़ें।

कैसे करें आवेदन

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया काफी सरल रखी गई है। उम्मीदवार नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासवर्ड जैसी बुनियादी जानकारी देकर अकाउंट बना सकते हैं और उसके बाद लॉगिन करके प्रोफाइल पूरी कर सकते हैं। इसके बाद फोटो, सिग्नेचर सहित जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट जरूर कर लें। चयन प्रक्रिया की बात करें तो इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। सबसे पहले स्कूल पोर्टल पर मौजूद प्रोफाइल की छंटनी करेंगे, फिर शॉर्टलिस्ट हुए उम्मीदवारों को वॉक-इन इंटरव्यू और टीचिंग डेमो के लिए बुलाया जाएगा, और अंत में मेरिट लिस्ट यानी पैनल तैयार कर वेकेंसी के हिसाब से उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा।

तकनीकी दिक्कत हो तो यहां करें संपर्क

अगर किसी उम्मीदवार को पोर्टल के सामान्य उपयोग को लेकर कोई सवाल है तो उसे संबंधित केंद्रीय विद्यालय से संपर्क करना चाहिए। लेकिन अगर लॉगिन में दिक्कत आ रही है, फॉर्म सबमिट नहीं हो रहा या डॉक्यूमेंट अपलोड में एरर आ रहा है, तो [email protected] पर ईमेल किया जा सकता है। यह सुविधा सोमवार से शुक्रवार, सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहती है।

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें