Pitr Paksha Special Train: पितृपक्ष में यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा, रानी कमलापति-गया के बीच चलेगी 3 ट्रिप स्पेशल ट्रेन - Haribhoomi
पितृपक्ष में यात्रियों की सुविधा के लिए रानी कमलापति-गया के बीच 3 ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन 27 सितंबर, 2 और 7 अक्टूबर को रानी कमलापति से रवाना होगी।
Pitru Paksha Special Train
- Published: 07 Sep 2026, 05:01 PM IST
- Last Updated: 07 Sep 2026, 05:01 PM IST
भोपाल। पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रानी कमलापति-गया-रानी कमलापति के बीच 3 ट्रिप स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। ट्रेन से पितृपक्ष के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा का विकल्प मिलेगा।
रानी कमलापति से इन तारीखों में चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-गया स्पेशल रानी कमलापति स्टेशन से 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर 2026 को चलेगी। ट्रेन रानी कमलापति से दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर नर्मदापुरम शाम 4:34 बजे और इटारसी शाम 5:05 बजे पहुंचेगी। अगले दिन यह ट्रेन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।
गया से वापसी कब होगी?
वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया-रानी कमलापति स्पेशल गया से 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 को रवाना होगी।
यह ट्रेन गया से दोपहर 3:30 बजे चलेगी और अगले दिन इटारसी दोपहर 2:05 बजे, नर्मदापुरम दोपहर 2:43 बजे पहुंचेगी। ट्रेन का रानी कमलापति स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय शाम 4:15 बजे है।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रानी कमलापति–गया स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
24 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
पितृपक्ष के यात्रियों के लिए चलाई जा रही इस विशेष ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इसमें 2 एसएलआर/डी, 4 सामान्य श्रेणी, 12 स्लीपर, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों को राहत
पितृपक्ष के दौरान गया में पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। इससे मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से गया जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह विशेष रेल सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
रेलवे के अनुसार, यात्री ट्रेन से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेल मदद 139, RailOne ऐप, स्टेशन पूछताछ केंद्र और ऑनलाइन रेलवे माध्यमों से प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की नवीनतम जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।