फिर सुर्खियों में आई 'PM मोदी की तेहरवीं' वाली नीशू, इस बार हुआ कौन सा कांड? लगा रही मदद की गुहार!
Updated: Thursday, September 3, 2026, 21:28 [IST]
Nishu Azad: जून में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'तेहरवीं' वाला वीडियो बनाने के बाद चर्चा में आईं नीशू आजाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका अपना कोई नया वीडियो नहीं, बल्कि उनके खिलाफ सामने आया एक वीडियो है। नीशू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर उनके पिता पर हुए हमले की बात करता नजर आ रहा है।
युवक वीडियो में दावा करता है कि उसने नीशू के पिता के सिर पर हमला किया था और उन्हें 60 टांके आए थे। वह यह भी कहता है कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला बन सकता था, लेकिन वह जेल नहीं गया। वीडियो सामने आने के बाद नीशू ने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में युवक ने क्या कहा?
नीशू आजाद ने एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से इसे देखने की अपील की। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर जून में हुए हमले का जिक्र करता दिखाई देता है। युवक कहता है कि उसने 'नीशू के बाप का सर फोड़ा' था। इसके बाद वह दावा करता है कि सिर पर करीब 60 टांके आए थे। वीडियो में वह यह भी कहता है कि इस मामले में हत्या के प्रयास से जुड़ी गंभीर धारा लग सकती थी। युवक के मुताबिक, इसके बावजूद वह अगले दिन ही बाहर था और उसे जेल नहीं जाना पड़ा। वह वीडियो में यह भी दावा करता है कि घटना के बाद वह रात में बाहर घूम रहा था।
ये भी पढ़ें: 'लड़कियों को देवी बोलकर DM में भेजते हैं गंदे स्टिकर्स', वीडियो पर कम लाइक्स से परेशान नीशू? बंद किया इंस्टा!
'कनेक्शन की वजह से बच गया'
वीडियो में युवक अपने बचने के पीछे कथित तौर पर राजनीतिक संपर्कों का भी जिक्र करता है। वह कहता है कि उसे भगवान की कृपा के अलावा कुछ लोगों के साथ अपने संबंधों का फायदा मिला। युवक वीडियो में कपिल मिश्रा और चिराग पासवान को अपना 'बड़े भैया' बताता है। वह दावा करता है कि लोगों ने कहा कि कपिल मिश्रा का फोन आने के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपना 'बड़ा भाई' बताता है। हालांकि वीडियो में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
युवक को वीडियो में कहते सुना जा सकता है, "...नीशू के बाप का सर फोड़े हैं। आपको पता है इसमें कौन सा धारा लगता है? हाफ मर्डर-307! सर पे 60 टांका लगा हुआ था! ठीक? स्वतंत्र अगला दिन बाहर, हम तो जेल भी नहीं गए! पूरी दुनिया को यह बात पता होना चाहिए, हम जेल भी नहीं गए थे! हम रात को घूम रहे थे... तो, एक तो हमारे बालाजी, हमारे हनुमान जी का कृपा है।"
वीडियो वायरल होने के बाद मुझे और मेरे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता है, लेकिन मैं डरूँगी नहीं में अन्याय जातिवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूँगी।@DelhiPolice कोई कार्यवाही नहीं कर रही है, हमें विपक्ष के तमाम नेताओं से उम्मीद है कि वो मुझ दलित समाज की बेटी को न्याय दिलाएंगे 🙏 pic.twitter.com/SVPMYi5kTC
— Nishu Aazad (@Nishuazad11) September 3, 2026
वो आगे कहता है, "दूसरा, थोड़ा बहुत है... कपिल मिश्रा अपने बड़े भाई हैं। यह लोग कहते हैं कि कपिल मिश्रा का कॉल आ गया, छोड़ दिया गया। कपिल मिश्रा बड़े भैया हैं अपने, चिराग पासवान अपने बड़े भैया हैं... सारे लोग! आप किस नेता को जानते हैं, यह बताइए? मोदी जी को जानते हैं? मोदी जी भी अपने बड़े भाई हैं..."
नीशू ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
वीडियो शेयर करने के बाद नीशू आजाद ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वीडियो देखने के बाद उन्हें लगता है कि आरोपी के अंदर कानून का डर नहीं है। नीशू का कहना है कि उनके पिता पर हमला होने के बाद ही आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले को डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। नीशू ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर उनके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप है, वह खुलेआम घूम रहा है और उसके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
'मुझे न्याय चाहिए'
नीशू ने वीडियो में कहा कि वह नहीं चाहतीं कि कानून से डर नहीं रखने वाले लोग खुलेआम घूमते रहें। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता के मामले में न्याय चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई और सवाल किया कि आखिर कब तक कानून का उल्लंघन होता रहेगा। नीशू ने कहा कि दिल्ली पुलिस से उनकी उम्मीदें टूट चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद से मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चंद्रशेखर आजाद उनकी मदद करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएंगे।
राहुल गांधी से भी मदद की अपील
नीशू ने विपक्ष के दूसरे नेताओं से भी मामले में मदद करने की अपील की। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें भी उनकी मदद की जरूरत है। नीशू ने कहा कि वह न्याय चाहती हैं और उम्मीद करती हैं कि विपक्ष के नेता उनके मामले में आवाज उठाएंगे।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
वीडियो को साझा करते हुए नीशू आजाद ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा की चिंता है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और अन्याय और जातिवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। नीशू ने दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष के नेताओं से मदद की उम्मीद जताई। उन्होंने खुद को दलित समाज की बेटी बताते हुए नेताओं से न्याय दिलाने की अपील की है।
जून के CJP प्रदर्शन के बाद भी चर्चा में आई थीं नीशू
नीशू आजाद इससे पहले जून में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान बनाए गए एक वीडियो को लेकर चर्चा में आई थीं। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'तेहरवीं' से जुड़ा वीडियो बनाया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी चर्चा हुई थी। अब उनके पिता पर हुए कथित हमले से जुड़ा वीडियो सामने आने और उसे नीशू की ओर से साझा किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में है। वीडियो में युवक की ओर से किए गए राजनीतिक संपर्कों और घटना से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: एक बार फिर सड़कों पर उतरेंगे कॉकरोच, किया बड़े प्रदर्शन का ऐलान, इस तारीख को फिर दिल्ली होगी जाम?