PM Kisan की 24वीं किस्त का फायदा पाने के लिए तुरंत कराएं लैंड सीडिंग, जानिए किन किसानों को मिलने वाले हैं 4000
Published: Saturday, September 5, 2026, 17:24 [IST]
PM Kisan 24th Installment: देश के करोड़ों किसानों की नजर अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त पर है। योजना के तहत किसानों को साल में 6,000 रुपये दिए जाते हैं और यह रकम 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब 24वीं किस्त को लेकर चर्चा तेज हो गई है। 23वीं किस्त जून 2026 में जारी की गई थी। ऐसे में चार महीने का अंतर पूरा होने के बाद अक्टूबर में 24वीं किस्त आने की संभावना जताई जा रही है।
इस बार किस्त पाने के लिए किसानों को अपनी जमीन से जुड़ा रिकॉर्ड भी दुरुस्त रखना होगा। लैंड सीडिंग और ई-केवाईसी जैसी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होने पर किस्त अटक सकती है। वहीं, जिन किसानों को पिछली किस्त नहीं मिली थी, उन्हें इस बार बड़ी रकम मिल सकती है।
अक्टूबर में आ सकती है 24वीं किस्त
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह पैसा तीन किस्तों में मिलता है और हर किस्त में 2,000 रुपये दिए जाते हैं। योजना की 23वीं किस्त जून 2026 में जारी की गई थी। अब अगली किस्त का समय करीब आने के साथ किसानों के बीच 24वीं किस्त को लेकर इंतजार बढ़ गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में 24वीं किस्त जारी होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: क्या आपके खाते में आ गए 24वीं किस्त के 4,000 रुपये? सरकार ने बताई वायरल दावे की सच्चाई
इसी दौरान देश में त्योहारों का मौसम भी शुरू हो रहा है। नवरात्रि से हिंदू त्योहारों की शुरुआत होगी, इसलिए किस्त के अक्टूबर में आने को लेकर उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, किस्त जारी करने की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।
इस बार जमीन का रिकॉर्ड भी जरूरी
पीएम किसान योजना के तहत लाभ लेने वाले किसानों के लिए इस बार जमीन से जुड़ा रिकॉर्ड खास महत्व रखता है। किसानों को लैंड सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करवानी होगी। लैंड सीडिंग का मतलब किसान की जमीन की जानकारी को पीएम किसान के रिकॉर्ड से जोड़ना और उसका सत्यापन करना है। योजना का लाभ उन्हीं पात्र किसानों को दिया जाता है, जिनकी जमीन और पात्रता से जुड़ी जानकारी राज्य सरकार के भूमि रिकॉर्ड में दर्ज होती है।
इसलिए जिन किसानों की जमीन का रिकॉर्ड अपडेट नहीं है या लैंड सीडिंग पूरी नहीं हुई है, उन्हें किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है।
कुछ किसानों के खाते में आएंगे ₹4,000
24वीं किस्त में कुछ किसानों को सामान्य 2,000 रुपये से ज्यादा रकम मिलने की संभावना है। दरअसल, 23वीं किस्त के समय कई किसानों की ई-केवाईसी या जमीन का सत्यापन पूरा नहीं हुआ था। इसके कारण उन्हें उस किस्त का पैसा नहीं मिल पाया था। अब अगर ऐसे किसानों ने अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है और जमीन का सत्यापन भी हो चुका है, तो पिछली किस्त का बकाया पैसा भी मिल सकता है।
ऐसे में पात्र किसानों के खाते में 24वीं किस्त के 2,000 रुपये के साथ 23वीं किस्त के 2,000 रुपये भी आ सकते हैं। यानी कुछ किसानों को एक साथ 4,000 रुपये मिलने की संभावना है।
ई-केवाईसी भी पूरी कराना जरूरी
किसानों को केवल लैंड सीडिंग ही नहीं, बल्कि अपनी ई-केवाईसी भी पूरी रखनी चाहिए। अगर ई-केवाईसी अधूरी है तो योजना की किस्त अटक सकती है। जिन किसानों को 23वीं किस्त नहीं मिली है, उन्हें खास तौर पर अपने ई-केवाईसी, जमीन के सत्यापन और लैंड सीडिंग का स्टेटस जांच लेना चाहिए।
जमीन के रिकॉर्ड में गलती है तो ऐसे सुधारें
अगर किसान को अपनी जमीन की जानकारी या लैंड सीडिंग के स्टेटस में कोई परेशानी दिखाई देती है, तो सबसे पहले राज्य सरकार के भूमि रिकॉर्ड में अपनी जानकारी की जांच करनी चाहिए। अगर रिकॉर्ड में नाम या जमीन से जुड़ी जानकारी गलत है, तो किसान अपने जिले के राजस्व विभाग या सरकार की ओर से तय व्यवस्था के जरिए इसमें सुधार करा सकते हैं।
जमीन का रिकॉर्ड सही होने और उसका सत्यापन पूरा होने के बाद पीएम किसान में लैंड सीडिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
पीएम किसान वेबसाइट पर ऐसे चेक करें स्टेटस
किसान घर बैठे अपनी योजना से जुड़ी जानकारी भी देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद 'नो योर स्टेटस' के विकल्प के जरिए भुगतान और ई-केवाईसी से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। इसके लिए:
- पीएम किसान की वेबसाइट खोलें।
- 'नो योर स्टेटस' विकल्प पर जाएं।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- कैप्चा भरें।
- ओटीपी के जरिए लॉगिन करें।
- अब भुगतान, ई-केवाईसी और योजना से जुड़ी दूसरी जानकारी जांच लें।
अगर 23वीं किस्त का पैसा नहीं आया था, तो किसान को पहले उसका कारण देखना चाहिए और ई-केवाईसी, जमीन के सत्यापन या लैंड सीडिंग में जो कमी है, उसे समय रहते पूरा कर लेना चाहिए।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Fraud: यूपी के प्रतापगढ़ में पीएम किसान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 4.45 लाख रजिस्ट्रेशन मिले फर्जी!